
अनिल निषाद
अयोध्या, 29 अगस्त 2026ः
रामनगरी में खिलाड़ियों को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है। वशिष्ठ कुंड वार्ड में 17 करोड़ 83 लाख 81 हजार रुपये से मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा। करीब 4684 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनने वाले इस कॉम्प्लेक्स का निर्माण एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। शनिवार को खेल दिवस के अवसर पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने वैदिक विधि-विधान से भूमि पूजन कर स्टेडियम का शिलान्यास किया।

खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच
महापौर ने कहा कि योगी सरकार में खेल सुविधाओं के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है। अयोध्या में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने से शहर के खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलेगा और नई प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी। उन्होंने कहा कि कक्षा से अधिक व्यावहारिक ज्ञान खेल के मैदान में मिलता है। खेल व्यक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती और खेल दिवस पर खिलाड़ियों के लिए इससे बड़ी सौगात और कुछ नहीं हो सकती। यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अयोध्या के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देगा।

खेल के अलावा रहेंगी अन्य सुविधाएं
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत बनने वाला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 4684 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। इसमें भवन का निर्माण 3064 वर्ग मीटर में होगा। भवन में 1372 वर्ग मीटर का बेसमेंट, 1664 वर्ग मीटर का भूतल और करीब 789 वर्ग मीटर में प्रथम व द्वितीय तल का निर्माण होगा। करीब 91 वर्ग मीटर का टेरेस भी बनेगा। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, कुश्ती कोर्ट, जिम्नेशियम, टेबल टेनिस हॉल, बहुउद्देशीय हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम, कैफेटेरिया व किचन, कोच रूम, कार्यालय, लिफ्ट और सीढ़ियों की सुविधा होगी। परिसर में पार्किंग की भी व्यवस्था रहेगी।

खेल जगत की 10 प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान खेल के क्षेत्र में योगदान देने वाली 10 खेल प्रतिभाओं व प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें बास्केटबॉल कोच चंदेश्वर पांडेय, वॉलीबॉल के शिवेंद्र सिंह व अनुज मिश्रा, कबड्डी के मुकेश निषाद, एथलेटिक्स के गोलू मौर्य, क्रिकेट के रंगेशमणि त्रिपाठी, बैडमिंटन के अनूप दुबे, हॉकी के राजेश श्रीवास्तव, वॉलीबॉल के सालिकराम यादव और एथलेटिक्स की नीतू गुप्ता शामिल रहीं। इसके अलावा वशिष्ठ फाउंडेशन की ओर से साइकिलिंग के क्षेत्र में प्रतिभा दिखा रही 15 वर्षीय किशोरी बेबी को स्वर्गीय अमित सिंह अश्मित सम्मान प्रदान किया गया। फाउंडेशन की ओर से 11 हजार रुपये का चेक दिया गया। इस अवसर पर उपसभापति संतोष सिंह, पार्षद रंजना यादव, विनय जायसवाल, भाजपा नेता हेमंत जायसवाल, व्यापारी नेता अंजनी गर्ग,अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, क्रीड़ा अधिकारी अमित सक्सेना आदि मौजूद रहे।






