
विजय पटेल
रायबरेली, 29 अगस्त 2026:
यूपी के रायबरेली जिले में बाइक को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद हत्या में बदल गया। खीरों थाना क्षेत्र के एकौनी गांव में 24 वर्षीय शिवबाबू की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत में पड़ा मिला। मारपीट में उसका चाचा चंद्रपाल भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
बाइक ले जाने पर हुई कहासुनी
बताया गया कि शुक्रवार दोपहर चंद्रलाल अपने चाचा चंद्रपाल की बाइक लेकर कहीं जाने लगा था। इसी बात को लेकर चंद्रपाल, उसकी पत्नी सविता, चचेरे भाई अमृतलाल उर्फ मन्नू, शिवबाबू के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि चारों ने शिवबाबू की पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर में चोट लगी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया मामला
मारपीट की सूचना किसी ग्रामीण ने Dial 112 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया। परिजनों का कहना है कि पुलिस के पहुंचने के बाद विवाद तो थम गया, लेकिन दोनों पक्षों में देर शाम तक कहासुनी होती रही।

रात में खेत पर पहुंचा शिवबाबू
रात में चंद्रपाल गांव से बाहर अमित सिंह के खेत में बटाई पर ली गई सब्जी की फसल की रखवाली करने चला गया। करीब 12 बजे शिवबाबू भी खेत पर पहुंच गया। इसी दौरान फिर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि परिवार के कई लोग लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए।
सिर में गंभीर चोट, हाथ-पैर की हड्डियां टूटीं
खेत में शिवबाबू की जमकर पिटाई की गई। उसके सिर में गंभीर चोट आई, जबकि हाथ-पैर की कई हड्डियां टूट गईं। इसी दौरान चंद्रपाल भी मारपीट में घायल हो गया। शिवबाबू को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने की तैयारी होती, इससे पहले उसकी मौत हो गई।
चाचा जिला अस्पताल रेफर
परिजन घायल चंद्रपाल को सीएचसी लालगंज लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का एसपी ने भी जायजा लिया।






