
लखनऊ, 29 अगस्त 2026:
पड़ोसी देश नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा ने हर किसी को झकझोर दिया है। तबाही के बीच प्रभावित परिवारों की सलामती और नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वतन वापसी के लिए लखनऊ में दुआओं के हाथ उठे। शनिवार को सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दादा मियां की दरगाह पर चादर चढ़ाकर नेपाल के लोगों के लिए विशेष दुआ की।
दरगाह पहुंचे सपा नेता मोहम्मद इखलाक ने कहा कि नेपाल में आई तबाही की तस्वीरें बेहद दर्दनाक हैं। किसी का घर उजड़ गया है तो किसी का अपना बिछड़ गया है। बड़ी संख्या में लोग मुश्किल हालात से जूझ रहे हैं। ऐसे संकट के समय हर इंसान को प्रभावित लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नेपाल हमारा का पड़ोसी जरूर है लेकिन दोनों देशों के रिश्ते केवल सरहद तक सीमित नहीं हैं। दोनों देशों के बीच सदियों पुराना भाईचारा और गहरा मानवीय रिश्ता है। दादा मियां की दरगाह पर चादर चढ़ाकर उन्होंने दुआ की कि आपदा प्रभावित परिवारों को हिम्मत मिले, लापता लोग सुरक्षित अपने घर लौटें और नेपाल में फंसा हर भारतीय नागरिक सकुशल भारत पहुंचे।
मोहम्मद इखलाक ने भारत सरकार से राहत और बचाव अभियान तेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में राहत पहुंचाने में जरा भी देरी नहीं होनी चाहिए। सपा नेता ने कहा, ‘आपदा के वक्त पहचान मजहब या सरहद से नहीं, सिर्फ इंसानियत से होती है। नेपाल अकेला नहीं है। भारत उसके साथ खड़ा है- दुआ में भी, मदद में भी और भाईचारे में भी।’ इस दौरान जैद अनवर, मिर्जा शाहबाज, मोहम्मद काशिफ, अभिषेक, रिजवान, सूफियान, अमन समेत कई लोग मौजूद रहे।






