
राजकिशोर तिवारी
हल्द्वानी, 30 अगस्त 2026ः
उत्तराखंड में व्यापार और उद्योग को गति देने के लिए धामी सरकार ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया है कि उनकी समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की अड़चन नहीं आने दी जाएगी। सीएम ने हल्द्वानी में एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में कुमाऊं मंडल के व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और व्यापार मंडल पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि व्यापारी और उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। सरकार सुरक्षित, पारदर्शी और सरल कारोबारी माहौल तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने व्यापारियों से प्रदेश में निवेश व व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है।
औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा रखा सामने
कार्यक्रम में व्यापारियों ने सीएम के सामने जीएसटी प्रक्रियाओं के सरलीकरण, मंडी शुल्क, अतिक्रमण, पार्किंग, लीज नवीनीकरण, औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं, स्थानीय उत्पादों के लिए बेहतर बाजार और युवा उद्यमियों को प्रोत्साहन से जुड़े मुद्दे रखे। धामी ने कहा कि प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। सरकार का प्रयास है कि शासन उद्योगों के लिए बाधा नहीं, बल्कि सहयोगी और भागीदार बने। उन्होंने कहा कि उद्योगों का विस्तार होगा तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर धामी ने कहा कि निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था लागू की गई है।

इन्वेस्टर्स समिट के सुझावों पर 30 से अधिक नीतियां तैयार
सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत करते हुए 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। इन्वेस्टर्स समिट के दौरान मिले सुझावों के आधार पर 30 से अधिक नीतियां तैयार की गई हैं। सीएम ने कहा कि युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए स्टार्टअप नीति लागू की गई है और 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड स्थापित किया गया है। सरकार का लक्ष्य पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को भी अपने गांव में रहकर कारोबार खड़ा करने के अवसर उपलब्ध कराना है। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष औद्योगिक पार्कों के लिए भूमि चिह्नित की गई है। हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्ट्री विकसित की जा रही है और भविष्य में सेलाकुई व पंतनगर में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

ग्रामीण उद्यमियों को बड़े बाजारों से जोड़ने पर दिया जोर
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड का औद्योगिक विकास केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा। स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक शिल्प, किसानों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण उद्यमियों को बड़े बाजारों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट’ जैसी पहलों के माध्यम से ‘मेड इन उत्तराखंड’ को देश और दुनिया में मजबूत ब्रांड बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’, शंकर कोरंगा, हुकुम सिंह कुंवर, व्यापार एवं उद्योग प्रतिनिधियों में कश्मीरी लाल गोयल, नीरज शारदा, राधेराम अग्रवाल, उद्योग, सिडकुल एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






