Lucknow City

अवध में खिला ‘खुशबू का शहर’! राजनाथ सिंह ने दी फ्रेगरेंस पार्क की सौगात, चौक में लाला लाजपत राय-भगत सिंह की गूंज

लखनऊ के ऐतिहासिक रूमी दरवाजे के पास 2.20 एकड़ में 5 करोड़ से बना अनूठा पार्क, सुगंधित-औषधीय पौधों के बीच दिखेगा शहीदों का शौर्य, 43.13 करोड़ के विकास कार्यों का भी शिलान्यास

लखनऊ, 30 अगस्त 2026:

नवाबी शहर लखनऊ के पुराने इलाके को शनिवार को विकास और विरासत का तोहफा मिला। ये तोहफा आने वाले वर्षों में शहर की पहचान का नया हिस्सा बन सकता है। चौक के लाजपत नगर में रूमी दरवाजे के पास कभी जहां कूड़े का ढेर नजर आता था अब वहां फूलों की खुशबू, हरियाली और राष्ट्रभक्ति का संदेश एक साथ दिखाई देगा। रक्षामंत्री एवं स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह ने करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से विकसित फ्रेगरेंस पार्क का उद्घाटन कर इसे शहरवासियों को समर्पित किया।

उद्घाटन के दौरान राजनाथ सिंह ने पार्क में स्थापित स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय और शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं का अनावरण किया। उन्होंने पार्क में चंदन का पौधा भी रोपित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इन दोनों महान देशभक्तों की प्रतिमाएं आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणा देंगी।

कूड़े के ढेर की जगह अब खुशबू और हरियाली

ये भी पढ़ें:

लखनऊ विकास प्राधिकरण ने करीब 2.20 एकड़ क्षेत्रफल में इस पार्क को विकसित किया है। पार्क को खास बनाने के लिए एनबीआरआई के सहयोग से विभिन्न प्रकार के सुगंधित और औषधीय पौधे लगाए गए हैं। हर पौधे के पास उसकी प्रजाति और नाम की पट्टिका लगाई गई है जिससे लोग पौधों को पहचानने के साथ उनके बारे में जानकारी भी हासिल कर सकें।

lucknow-fragrance-park-rajnath-singh-inauguration (2)

पार्क में मनोरंजन के लिए ओपन एयर थिएटर, खाने-पीने के लिए कैफेटेरिया, पौधों की जानकारी देने के लिए इंटरप्रिटेशन सेंटर और पसंदीदा फूल-पौधे खरीदने के लिए फ्लावर बुके पार्लर भी बनाया गया है। पूरे पार्क में आवाजाही आसान बनाने के लिए रेड सैंड स्टोन का पाथ-वे तैयार किया गया है। पार्क की स्कीनवॉल के सामने लाला लाजपत राय और भगत सिंह की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इस तरह यहां प्रकृति की खुशबू के साथ स्वतंत्रता संग्राम के नायकों की वीरता और राष्ट्रभक्ति का संदेश भी नजर आएगा।

‘आधुनिक शहर सिर्फ मॉल और बड़ी इमारतों से नहीं बनता’

राजनाथ सिंह ने कहा कि आधुनिक शहर की पहचान केवल चौड़ी सड़कों, मॉल और बड़ी-बड़ी इमारतों से नहीं होती। शहर तब आधुनिक कहलाता है.जब वहां पर्याप्त खुले स्थान, पार्क, खेल के मैदान और हरियाली मौजूद हो। पार्क लोगों को सुकून देने के साथ समाज को जोड़ने का भी काम करते हैं।

lucknow-fragrance-park-rajnath-singh-inauguration (3)

उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय स्वाभिमान और राष्ट्रवाद की चेतना जगाने वाले महान देशभक्त थे और भगत सिंह युवा भारत की ऊर्जा, साहस और क्रांतिकारी चेतना के प्रतीक थे। दोनों की प्रतिमाओं का साथ होना अनुभव और युवा ऊर्जा के संगम का संदेश देता है।

43.13 करोड़ के विकास कार्यों को भी मिली रफ्तार

कार्यक्रम के दौरान रक्षामंत्री ने लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा 43.13 करोड़ रुपये की लागत से कराए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। उन्होंने फ्रेगरेंस पार्क को आकार देने के लिए एलडीए की सराहना की और उम्मीद जताई कि यह पार्क लखनऊ की खूबसूरती में नया आयाम जोड़ने के साथ बच्चों और युवाओं को राष्ट्रभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणा देगा।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम एवं लखनऊ से विधायक ब्रजेश पाठक, सांसद दिनेश शर्मा, सांसद बृजलाल, सांसद संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधायक ओपी श्रीवास्तव, विधायक योगेश शुक्ला समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  लखनऊ में 407 परिवारों को मिला अपना घर, LDA ने लॉटरी के जरिए बांटे PM आवास

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button