
योगेंद्र मलिक
हरिद्वार, 30 अगस्त 2026ः
उत्तराखंड में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने रविवार को हरिद्वार में विशेष अभियान चलाया। टीमों ने रिटेल स्टोर, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, डेयरी और किराना दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न जगहों से 19 सैंपल लिए गए, जिनको जांच के लिए लैब भेजा गया। वहीं, कई कंपनियों के खाद्य पदार्थों पर एक्सपायरी डेट न लिखी होने के कारण उनको नोटिस दिया गया।

टीम ने शिवालिक नगर क्षेत्र के रिटेल स्टोरों पर छापेमारी करते हुए देशी घी, मैदा, साबुत काली मिर्च और पोहा के चार नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। इस दौरान पोहा निर्माता कंपनी पंसारी इंडस्ट्रीज, नई दिल्ली के लेबल पर निर्माता का नाम-पता अंकित नहीं होने, स्कैन कोड में गलत निर्माता का नाम दर्ज होने और हेल्थ क्लेम किए जाने पर नोटिस जारी किया गया। वहीं, मैदा निर्माता कंपनी ग्रो मोर स्पाइसेज एंड पल्सेस, गुरुग्राम को एक्सपायरी डेट अंकित नहीं करने पर नोटिस दिया गया।
ज्वालापुर, आर्यनगर और रानीपुर मोड़ क्षेत्र में छापेमारी के दौरान ई-कॉमर्स कंपनी जेप्टो के वेयरहाउस में फूड लाइसेंस और वर्करों के मेडिकल व पेस्ट कंट्रोल सहित आवश्यक दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। कई खाद्य पदार्थों के लेबल पर निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि भी पढ़ने में नहीं आई। टीम ने कंपनी को नोटिस जारी करते हुए खाद्य तेल, सूजी, जूस और तेल के चार नमूने लिए।

टीम ने रुड़की के सिविल लाइंस क्षेत्र में रिटेल स्टोरों और किराना दुकानों पर छापा मारा। यहां खाद्य तेल, चायपत्ती और देशी घी के तीन नमूने लिए गए। दस्तावेज नहीं दिखाने पर दो खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए। भगवानपुर क्षेत्र में एफएसडीए की टीम ने बेसन, सूजी, नमकीन, बिस्कुट, चायपत्ती और खाद्य तेल के छह नमूने लिए। वहीं, झबरेड़ा और नारसन क्षेत्र में रिटेल दुकानों व डेयरियों पर छापेमारी कर मावा और देशी घी के दो नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार अभियान के दौरान जनपद में कुल 19 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।






