PrayagrajUttar Pradesh

14 मौतों की जिम्मेदार फैक्ट्री के मालिक का घर ध्वस्त, गोली मारकर भाई को दबोचा, हाथ जोड़कर मांगता रहा माफी

अवैध पटाखा फैक्टरी विस्फोट के मुख्य आरोपी नौशाद के भाई शकील पर था 50 हजार रुपये का इनाम, मुठभेड़ में बाएं पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती कराया गया, हिरासत में शकील मृतकों के परिजनों से हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखा

कौशांबी, 5 सितंबर 2026:

यूपी के कौशांबी जिले में अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में 14 मौतों के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी शकील अहमद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इसी मामले में उसके मकान को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। शकील मुख्य आरोपी व फैक्ट्री मालिक नौशाद का भाई है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

विस्फोट में गई थी 14 लोगों की जान, छह लोगों पर दर्ज हुआ केस, 5 जा चुके जेल

बता दें कि बीते सोमवार 31 अगस्त को मंझनपुर क्षेत्र के चिल्ला शहबाजी गांव स्थित अवैध पटाखा फैक्टरी में जबरदस्त विस्फोट हुआ था। धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई मकान दरक गए। हादसे की जद में आकर एक के बाद एक 14 लोगों की मौत हो गई थी। जांच में फैक्टरी के अवैध तरीके से संचालित होने की बात सामने आई। विस्फोट के मामले में निजामुद्दीन के बेटे नौशाद, उसके भाई शकील समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पांच आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शकील घटना के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

ये भी पढ़ें:

फरार शकील को मुठभेड़ में दबोचा, पैर में लगी गोली

शुक्रवार रात मंझनपुर पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम वांछित आरोपियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पिपरी थाने में दर्ज पटाखा फैक्टरी विस्फोट मामले में वांछित शकील दीवर कोठारी इलाके में मौजूद है। सूचना मिलने के बाद पुलिस व एसओजी टीम ने नौबस्ता गांव जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। रात करीब 8:55 बजे नहर से करीब 100 मीटर दूर टीम ने शकील को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने से बचने के लिए उसने भागने की कोशिश की। घिरने के बाद उसने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

kaushambi-firecracker-factory-blast-shakil-arrest (2)

लंगड़ाकर मृतकों के परिवार से मांगता रहा माफी

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शकील के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा व बिना नंबर की बाइक बरामद हुई। पुलिस अभिरक्षा में उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय मंझनपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है। पुलिस हिरासत में शकील के पैर में गोली लगी होने के चलते वह लंगड़ाकर चलता दिखाई दिया। इस दौरान वह हाथ जोड़कर पटाखा फैक्टरी विस्फोट में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से माफी मांगता रहा।

पुलिस की मौजूदगी में मकान जमींदोज

मकान ध्वस्त करने से पहले संबंधित विभागों ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में शकील के मकान को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अधिकारियों के मुताबिक, शकील के मकान पर हुई कार्रवाई के बाद मामले से जुड़े दूसरे अभियुक्तों की संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। नियमों के तहत जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी संपत्तियों पर भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  पत्नी मायके से नहीं लौटी, ससुराल में अपमान पर युवक ने बनाया वीडियो, उठाया ये खौफनाक कदम

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button