Varanasi

पहले पूछा FD का रेट, फिर ईमेल से उड़ाए 54.91 लाख, BHU की SBI शाखा पर साइबर अटैक

बैंक का ग्राहक बनकर की कॉल, टर्म डिपॉजिट की दरें पूछीं, कुछ घंटे बाद ईमेल से तीन खातों में रकम भेजने को कहा, बैंक पहुंचने से पहले ही हो गया खेल, फर्जी ईमेल के जरिए SBI खाते से 28.20 लाख, 17.15 लाख व 9.55 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए, खाताधारकों ने बैंक पहुंचकर लेनदेन से किया इनकार, बैंक मैनेजर ने दर्ज कराई FIR

वाराणसी, 5 सितंबर 2026:

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भारतीय स्टेट बैंक की बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) शाखा से फर्जी ईमेल के जरिए 54.91 लाख रुपये ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने स्थानीय बिल्डर अवध किशोर सिंह बनकर बैंक अधिकारियों से संपर्क किया। पहले फोन पर टर्म डिपॉजिट की दरों की जानकारी ली, इसके बाद उनके बैंक खाते से तीन अलग-अलग खातों में रकम भेजने के लिए ईमेल किया गया।

पहले फोन पर बैंक कस्टमर बनकर की बातचीत

बैंक के शाखा प्रबंधक रवीश ठाकुर के मुताबिक गत एक सितंबर को दोपहर करीब 1:59 बजे एक मोबाइल नंबर से बैंक में कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को अवध किशोर सिंह, डायरेक्टर इला इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड बताया। उसने BHU शाखा में अपने खाते से जुड़ी जानकारी देते हुए टर्म डिपॉजिट की दरों के बारे में पूछा।

ये भी पढ़ें:

ईमेल भेजकर RTGS का दबाव

शाम करीब 4:29 बजे दोबारा कॉल कर शाखा के चीफ मैनेजर को बताया गया कि फंड ट्रांसफर के लिए ईमेल भेज दिया गया है। ईमेल में खाते से दो बेनिफिशियरी अकाउंट में रकम भेजने का अनुरोध किया गया। बैंक के मुताबिक पहले खाते में 28,20,801 रुपये, दूसरे खाते में 17,15,109 रुपये ट्रांसफर करने को कहा गया। इसके बाद एक दूसरे ईमेल के जरिए धीरज कुमार के नाम दर्ज खाते में 9,55,900 रुपये भेजने का निर्देश दिया गया। कॉल करने वाले ने बैंक को बताया कि उसकी चेकबुक खत्म हो गई है। उसने कहा कि वह कुछ ही मिनट में शाखा पहुंचकर RTGS वाउचर पर साइन करेगा। साथ ही ईमेल में दिए निर्देश के मुताबिक तुरंत रकम ट्रांसफर करने का दबाव बनाया।

bhu-sbi-branch-cyber-fraud-54-lakh-fake-email (2)

तीन खातों में पहुंची रकम

ग्राहक सेवा के तहत बैंक ने ईमेल में मिले अनुरोध पर तीन अलग-अलग खातों में कुल 54,91,810 रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम ट्रांसफर होने के कुछ मिनट बाद संबंधित खाताधारक बैंक शाखा पहुंचे। उन्होंने साफ किया कि उन्होंने अपने खातों से लेनदेन के लिए बैंक को कोई ईमेल नहीं भेजा था।

साइबर फ्रॉड के खुलासे पर बैंक में मचा हड़कंप

मामले की जानकारी सामने आने के बाद बैंक में हड़कंप मच गया। सभी अफसर व कर्मचारी बैंक के साथ हुए साइबर फ्रॉड से हतप्रभ थे। आला अफसरों को जानकारी देकर फ्रॉड की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क किया। वहीं बैंक की ओर से साइबर थाना वाराणसी में FIR दर्ज कर रकम की रिकवरी के लिए कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने बैंक की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में फर्जी ईमेल, कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान, रकम जिन खातों में गई उनकी डिटेल समेत ट्रांजैक्शन से जुड़े दूसरे डिजिटल सबूतों की जांच की जाएगी।

ये भी पढ़ें  वाराणसी : प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध युवक के बैग से मिले 16 लाख...पुलिस को बताई ये कहानी

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button