Lucknow City

सई नदी में गंदा पानी पहुंचने से आक्रोश, भवरेश्वर मंदिर के पास भूख हड़ताल पर बैठे गौ रक्षक

PGI इलाके के दूषित पानी को बांक नाले के जरिए नदी में गिराने का आरोप, नाला बंद कराने के साथ सई नदी की नियमित सफाई की मांग, भवरेश्वर मंदिर के घाट पर लाइटिंग, शौचालय व स्नान की बेहतर व्यवस्था की भी मांग, प्रशासन से कार्रवाई नहीं होने पर खुद नाला बंद करने की चेतावनी

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 5 सितंबर 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित मोहनलालगंज क्षेत्र से गुजरी सई नदी में पीजीआई के गंदे नाले का पानी गिरने के आरोप को लेकर विरोध शुरू हो गया है। भवरेश्वर मंदिर के पास नदी किनारे गौरक्षक भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। इस दौरान नदी में पहुंच रहे दूषित पानी को रोकने के साथ मंदिर परिसर व घाट की सफाई व्यवस्था बेहतर करने की मांग उठाई है।

बांक नाले से नदी में पहुंच रहा गंदा पानी

ये भी पढ़ें:

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पीजीआई क्षेत्र से निकलने वाला दूषित पानी बांक नाले के जरिए सीधे सई नदी में गिर रहा है। उनका कहना है कि नाले का पानी लगातार नदी में पहुंचने से सई का पानी प्रदूषित हो रहा है। इसी के विरोध में भवरेश्वर मंदिर के पास पुल के किनारे भूख हड़ताल शुरू की गई है।

Advertisement

नदी से जुड़ी है लोगों की आस्था

वक्ताओं ने कहा कि सई नदी स्थानीय लोगों की आस्था से जुड़ी हुई है। भवरेश्वर मंदिर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यहां लोग नदी में स्नान करने के बाद पूजा-पाठ करते हैं। ऐसे में नदी में गंदा पानी पहुंचने से श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने इसे मंदिर के आसपास की सफाई व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।

पोस्टर लहराए, नारे गूंजे,रखी अपनीं मांगें

भूख हड़ताल स्थल पर कई पोस्टर लगाए गए हैं। इनमें नदी में मिलने वाले नाले को तुरंत बंद कराने की मांग प्रमुख है। पोस्टरों के जरिए नदी की नियमित सफाई कराने की बात भी कही गई है। इसके साथ भवरेश्वर मंदिर परिसर व घाट पर उचित लाइटिंग, शौचालय व स्नान की समुचित व्यवस्था कराने की मांग रखी गई है।

मंदिर परिसर की सफाई पर भी जोर

प्रदर्शनकारियों ने मंदिर परिसर व घाट की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की मांग की है। उनका कहना है कि नदी की सफाई के साथ घाट व मंदिर के आसपास का माहौल भी साफ रखा जाना जरूरी है। स्वच्छ नदी को लोगों की जिम्मेदारी बताते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के अधिकार से भी जोड़ा गया है।

कार्रवाई नहीं हुई तो खुद नाला बंद करने की चेतावनी

भूख हड़ताल पर बैठे अंशुमान, अनुपम राजेश व धीरेंद्र समेत अन्य गौ रक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन व संबंधित विभाग ने जल्द कदम नहीं उठाया तो वे खुद नाले को बंद करेंगे। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि नाले का गंदा पानी किसी भी स्थिति में सई नदी तक न पहुंचे। इस मुद्दे को लेकर आसपास के ग्रामीणों में भी नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नदी की स्थिति को लेकर जिम्मेदार विभागों को मौके पर पहुंचकर समस्या देखनी चाहिए। उनकी मांग है कि नाले के पानी को नदी में गिरने से रोकने के साथ नदी की सफाई का नियमित इंतजाम किया जाए।

ये भी पढ़ें  कच्ची सड़क पर अब आर-पार का ऐलान डामरीकरण की मांग रख धरने पर बैठे किसान

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link