Lucknow City

UP की सियासत में तावड़े की एंट्री, अखिलेश के ‘PDA’ पर सीधा वार, बोले- ‘पराया धन अपना’ को करेंगे नाकाम

प्रभारी बनने के बाद लखनऊ पहुंचे विनोद तावड़े, भाजपा कार्यालय में दिखाए तेवर, योगी-मौर्य-पाठक के साथ कोर कमेटी में बनेगी चुनावी रणनीति, संगठन को धार देने के लिए बैठकों का मैराथन

लखनऊ, 5 सितंबर 2026:

यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव की सियासी तैयारियों के बीच भाजपा ने संगठन के मोर्चे पर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। यूपी का प्रभारी बनाए जाने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े शनिवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट से लेकर पार्टी कार्यालय तक उनके स्वागत में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। लखनऊ पहुंचते ही तावड़े ने सपा और अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ पर सीधा हमला बोलकर भाजपा की चुनावी रणनीति के तेवर भी साफ कर दिए।

भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचते ही तावड़े ने कहा कि सपा के पीडीए को भाजपा नाकामयाब करेगी। उन्होंने अखिलेश यादव के पीडीए की व्याख्या करते हुए इसे ‘पराया धन अपना’ करार दिया। उनके इस बयान को यूपी की चुनावी राजनीति में भाजपा की ओर से सपा के सामाजिक समीकरण और विपक्षी नैरेटिव पर सीधा पलटवार माना जा रहा है।

तावड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। सीएम योगी आदित्यनाथ यूपी के विकास की रफ्तार को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के निर्देशन में एनडीए कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि जीत के बाद अगले पांच वर्षों तक भाजपा यूपी की जनता के लिए खुद को समर्पित करेगी।

ये भी पढ़ें:

इससे पहले लखनऊ एयरपोर्ट पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, महामंत्री संजय राय समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तावड़े का गर्मजोशी से स्वागत किया।

तावड़े का यह दौरा संगठनात्मक लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। अपने प्रवास में वह सबसे पहले पंकज चौधरी और धर्मपाल सिंह के साथ बंद संगठन की समीक्षा करेंगे। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक में अभियानों, संगठनात्मक गतिविधियों और भावी कार्ययोजनाओं का फीडबैक लेंगे।

vinod-tawde-up-bjp-incharge-akhilesh-pda (2)

दौरे का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक के साथ होने वाली उच्चस्तरीय कोर कमेटी बैठक होगी। इसमें प्रदेश के राजनीतिक हालात, सरकार-संगठन के समन्वय और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन होगा। तावड़े के लखनऊ दौरे से भाजपा ने साफ संकेत दे दिया है कि चुनावी बिसात पर संगठन और रणनीति दोनों को अभी से पूरी ताकत के साथ सजाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें  गोमाता के आशीर्वाद से रंगी होली : UP में ऑर्गेनिक गुलाल से नारी सशक्तिकरण और रोजगार की नई उड़ान

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button