Gorakhpur

नौकरी का झांसा देकर महिला से लाखों हड़पे, नियुक्ति पत्र की जांच में सामने आया फर्जीवाड़ा

आरोपी बीआरसी में चतुर्थ श्रेणी पद पर तैनात,शिक्षा विभाग में पहचान का दावा कर सहायक अध्यापिका की नौकरी लगवाने का दिया भरोसा, प्रबंधकीय कोटे से नियुक्ति कराने की बात कहकर रकम लेने का आरोप, जवाहर इंटर कॉलेज के नाम से दिया गया नियुक्ति पत्र निकला फर्जी, अन्य लोगों को भी ठगने की आशंका

गोरखपुर, 6 सितंबर 2026:

यूपी के गोरखपुर जिले के में शिक्षा विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर एक महिला से चार लाख रुपये की ठगी की गई। गोरखनाथ इलाके की बिनीता शुक्ला ने सत्यम श्रीवास्तव पर सहायक अध्यापिका की नौकरी लगवाने का झांसा देकर चार लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। रकम लेने के बाद उसे जवाहर इंटर कॉलेज, पादरी बाजार के नाम से नियुक्ति पत्र दिया गया, जो जांच में फर्जी निकला। पूरे मामले में गोरखनाथ पुलिस ने महिला की ओर से नामजद एफआईआर दर्ज की है।

पड़ोस में रहने वाली महिला के जरिए हुई पहचान

पुराना गोरखपुर क्षेत्र में रहने वाले पंकज शुक्ला की पत्नी बिनीता के मुताबिक उसके घर के पास किराये के मकान में हेमा श्रीवास्तव रहती हैं। करीब एक साल पहले दोनों की जान-पहचान हुई। आरोप है कि हेमा ने अपने भतीजे सत्यम श्रीवास्तव की पहचान बिनीता के पति पंकज शुक्ला से कराई। उन्होंने सत्यम के शिक्षा विभाग में काम करने की बात बताते हुए विभाग में अच्छी पहचान होने का दावा किया।

ये भी पढ़ें:

प्रबंधकीय कोटे से नौकरी का भरोसा

Advertisement

सत्यम ने बिनीता को शिक्षा विभाग में प्रबंधकीय कोटे से सहायक अध्यापिका के पद पर नियुक्त कराने का भरोसा दिया। इसके बाद उससे चार लाख रुपये लिए गए। इसमें नकद रकम के साथ सत्यम के बताए बैंक खातों में Online Transaction के जरिए भुगतान किया गया।

नियुक्ति पत्र के बाद खुला मामला

रकम लेने के बाद सत्यम ने बिनीता को जवाहर इंटर कॉलेज, पादरी बाजार के नाम से नियुक्ति पत्र दिया। बिनीता के मुताबिक बाद में इस पत्र की जांच कराने पर उसके फर्जी होने की जानकारी हुई। इस पर जब उसने अपने पति के साथ सत्यम से सवाल किया तो जिला विद्यालय निरीक्षक के हस्ताक्षर वाला एक कार्यमुक्त आदेश भी दिया गया। इसे भी कूटरचित दस्तावेज बताया गया है।

पैसे मांगने पर धमकी का आरोप

बिनीता का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो सत्यम पहले टालमटोल करता रहा। बाद में पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। फोन करने पर गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी की बात भी कही गई है।

भटहट बीआरसी में तैनाती का दावा

बिनीता का कहना है कि सत्यम चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर भटहट बीआरसी में तैनात है। साथ ही आरोप लगाया है कि उसने नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से रकम लेकर धोखाधड़ी की है। इस मामले में हेमा श्रीवास्तव व कोमल श्रीवास्तव को भी कथित गतिविधियों की जानकारी होने की बात शिकायत में कही गई है।

पति व परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई

बिनीता शुक्ला की तहरीर पर गोरखनाथ थाने में मामले की FIR दर्ज की गई है। शिकायत में फर्जी दस्तावेज तैयार करने, नौकरी के नाम पर रकम लेने व धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता ने रकम वापस दिलाने के साथ आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उसने अपने पति व परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है।

ये भी पढ़ें  शादी तय होने पर कहा- किसी और की होने नहीं दूंगा, MSC छात्रा का मर्डर, बाथरूम में मिला शव

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link