
बागपत, 7 सितंबर 2026:
यूपी के बागपत जिले में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर खेकड़ा क्षेत्र में बड़ागांव टोल के पास रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में मृतकों की संख्या 13 पहुंच गई है। राजस्थान के बागड़ धाम से दर्शन कर बदायूं लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे पिकअप को पीछे से किसी वाहन ने साइड मार दी। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया, फिर पलट गया।

20 साल से बागड़ धाम जा रहे थे ग्रामीण, एक पिकअप पर सवार थे 32 श्रद्धालु
बताया गया कि पिकअप में बदायूं जिले के चेती नंगला, अल्लापुर, उस्मानपुर समेत आसपास के गांवों के 32 श्रद्धालु सवार थे। ये लोग 2 सितंबर को राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गोगामेड़ी स्थित बागड़ धाम दर्शन के लिए गए थे। रविवार शाम वहां से वापस लौटते समय बागपत में हादसा हो गया। इस क्षेत्र के लोग करीब 20 साल से बागड़ धाम की यात्रा करते आ रहे हैं। इस बार भी कई गांवों के श्रद्धालु एक साथ राजस्थान गए थे। इसके लिए वाहन में यात्रियों के बैठने के लिए ऊपर-नीचे जगह बनाई गई थी। इसमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल थे। धाम से घर वापसी के दौरान ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हादसा हो गया।

छह की मौके पर मौत, मेरठ में सात लोगों ने दम तोड़ा
टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। कई लोग वाहन के नीचे दब गए। आसपास से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। छह श्रद्धालुओं को बागपत में ही मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर घायलों को बागपत की खेकड़ा सीएचसी, से जिला अस्पताल फिर मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान सात और घायलों की मौत हो गई। इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या 13 हो गई। करीब 19 घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अफसरों ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मेरठ के अपर पुलिस महानिदेशक भानू भास्कर व डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने भी घटनास्थल व अस्पताल पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। पुलिस हादसे की वजह पता करने के साथ उस वाहन की पहचान में जुटी है, जिसकी साइड लगने से पिकअप पलटने की बात सामने आई है। हादसे में पिकअप में 32 लोगों के सवार होने की बात सामने आई है। इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों को एक छोटे वाहन से लंबी दूरी तक ले जाया जा रहा था। हादसे के बाद पिकअप में क्षमता से ज्यादा यात्रियों को बैठाए जाने का मामला भी जांच के दायरे में है।
#baghpatpolice
अवगत कराना है कि आज दिनांक 06/07.09.2026 की रात्रि लगभग 12:30 बजे डायल-112 के माध्यम से थाना खेकड़ा क्षेत्रान्तर्गत एक वाहन के डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट जाने की सूचना प्राप्त हुई। उक्त वाहन में सवार व्यक्ति राजस्थान से जनपद बदायूं की ओर जा रहे थे। सूचना… pic.twitter.com/nD55iM0jp5— Baghpat Police (@baghpatpolice) September 7, 2026
मृतकों में महिलाएं व बच्चे भी शामिल
मृतकों में मुन्नी देवी (60), सुगडपाल (55), साधुराम (62), रामेश्वर यादव (66), प्रेम सिंह (54), जितेंद्र उर्फ मोनू (6), मूर्ति (35), भानवती (52), चार वर्षीय अज्ञात बच्चा, 45 वर्षीय अज्ञात महिला, प्रेमवती (50) व दीक्षा (2) शामिल है। एक अन्य की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद बदायूं से परिजन भी बागपत व मेरठ पहुंचने लगे। हर तरफ चीख-पुकार मची रही।






