Up News: ‘दस्तक दो अभियान’ से गरमाई 68,500 शिक्षक भर्ती की लड़ाई, मंत्रियों के दरवाजे पहुंचे अभ्यर्थी, मिला न्याय का भरोसा
36 दिन से ईको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम केशव मौर्य समेत पांच मंत्रियों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को सौंपा ज्ञापन, 40% अंक पर संशोधित परिणाम जारी करने की मांग

लखनऊ, 6 अक्टूबर 2026:
68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को लेकर कई हफ्ते से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ में अनोखे अंदाज में अपनी आवाज बुलंद की। पिछले 36 दिनों से ईको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने सुबह ‘दस्तक दो अभियान’ चलाकर प्रदेश सरकार के मंत्रियों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर दस्तक दी। अलग-अलग टोलियों में पहुंचे अभ्यर्थियों ने नेताओं से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और भर्ती में संशोधित परिणाम जारी कर नियुक्ति देने की मांग की।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी सात वर्षों से 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों के समाधान और न्याय की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा जारी आदेश का अनुपालन करते हुए 150 में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत अंक पर संशोधित परिणाम जारी किया जाए और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए।

इन मंत्रियों के आवास पर पहुंचीं अभ्यर्थियों की टोलियां
अभ्यर्थियों की पहली टोली ने प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों के मुताबिक डिप्टी सीएम ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और विभागीय स्तर पर कार्रवाई चल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अभ्यर्थियों के साथ न्याय होगा।
इसके बाद अभ्यर्थियों ने कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से मुलाकात की। उनके मुताबिक मंत्री ने मामले की जानकारी होने की बात कहते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। तीसरी टोली ने कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद को ज्ञापन सौंपकर पूरा प्रकरण बताया। अभ्यर्थियों के अनुसार मंत्री ने कहा कि वह मामले को उच्च अधिकारियों और बेसिक शिक्षा मंत्री के समक्ष रखकर वार्ता करेंगे।

वहीं, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार से मुलाकात के दौरान अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री से वार्ता कर मामले का समाधान कराने का प्रयास करने का आश्वासन मिला। पांचवीं टोली ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर से मुलाकात की। अभ्यर्थियों के अनुसार राजभर ने बताया कि वह मुख्यमंत्री से इस मुद्दे पर पहले ही वार्ता कर चुके हैं। मुख्यमंत्री की ओर से विभागीय मंत्री और प्रमुख सचिव के साथ बैठक कर निर्णय लेने की बात कही गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से भी मिले अभ्यर्थी
अभियान के दौरान अभ्यर्थियों की एक टोली ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से भी मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 68,500 शिक्षक भर्ती का मामला उनके संज्ञान में है और पार्टी की प्राथमिकता वाले मामलों में शामिल है। उन्होंने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

अभ्यर्थियों ने कहा कि सात साल से चल रहे इस संघर्ष का अब समाधान चाहते हैं। उनका कहना है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के अनुरूप संशोधित परिणाम जारी होने और पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति से ही उन्हें वास्तविक न्याय मिल सकेगा। इस अभियान में रंजना जायसवाल, आशुतोष वर्मा, विनोद प्रजापति, अवधेश शाक्य, नवीन चौधरी, किरन मौर्य, मयंक गुप्ता, उत्कर्ष पटेल, सच्चिदानंद, विमलेश गोता, धीरेंद्र कुशवाहा, सुमन यादव, अखिल कुमार आदि के नेतृत्व में टोलियों ने मंत्रियों के मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।






