Varansi News: काशी को मिला आबे मेमोरियल, गुजरात से पहुंची सेवा यात्रा, पीएम के संकल्प बताकर विपक्ष पर बरसे योगी, नितिन व हिमंता
गुजरात वडनगर से करीब 500 बाइक यात्रियों ने काशी पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का किया जलाभिषेक, शिंजो आबे की याद में बने कॉरिडोर का हुआ उद्घाटन, आकिए आबे पति को याद कर भावुक हुईं, नितिन नबिन ने SIR को लेकर विपक्ष पर हमला बोला, हिमंता ने राहुल गांधी को दी चेतावनी

वाराणसी, 8 अक्टूबर 2026:
यूपी के वाराणसी में भाजपा के कई बड़े कार्यक्रम एक साथ हुए। गुजरात के वडनगर से निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा काशी पहुंची और करीब 800 लोगों ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में भारत-जापान मैत्री की याद में बनाए गए आबे मेमोरियल कॉरिडोर का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। दिन के दूसरे हिस्से में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबिन की जनसभा हुई, जिसमें योगी के साथ असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा भी मौजूद रहे। तीनों नेताओं ने अलग-अलग मुद्दों पर विपक्ष को घेरा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को लेकर अपनी बात रखी।

वडनगर से काशी पहुंची सेवा संकल्प यात्रा
बुधवार की दोहपर से शुरू हुए कार्यक्रमों का सिलसिला रात नितिन नबिन द्वारा रंगोली के जायजे और सीएम योगी व हिमंता द्वारा पूजन-दर्शन से समाप्त हुआ। दोपहर में गुजरात के वडनगर से करीब 500 बाइक यात्री 17 सितंबर को काशी के लिए निकले थे। रास्ते में यात्रियों ने अलग-अलग जगह सेवा कार्यक्रम किए। कहीं पौधरोपण किया तो कई स्कूलों में बच्चों से मुलाकात कर उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। बुधवार को यात्री वाराणसी पहुंचे। हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। यात्रियों के स्वागत में फूल बरसाए गए। इसके बाद महिलाएं सिर पर कलश लेकर काशी विश्वनाथ धाम के लिए पैदल रवाना हुईं। इस दौरान शंखनाद और डमरू वादन भी हुआ। यात्रा में वडनगर की नदियों के जल और गंगाजल से भरे कलश शामिल थे। 51 महिलाएं भी कलश लेकर चलीं। भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं समेत करीब 800 लोगों ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बाइक यात्रियों का स्वागत किया।
आबे मेमोरियल कॉरिडोर का उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आबे मेमोरियल कॉरिडोर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की पत्नी आकिए आबे भी मौजूद रहीं। योगी ने कहा कि भारत-जापान संबंध केवल लाभ और हितों पर आधारित साझेदारी नहीं हैं। दोनों देशों के रिश्ते विश्वास, विचार और विरासत से जुड़े आत्मीय संबंधों की मजबूत मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में बिना स्वार्थ साथ खड़ा रहने वाला सच्चा मित्र मिलना दुर्लभ है और भारत सौभाग्यशाली है कि उसे जापान जैसा मित्र मिला। यह कॉरिडोर भारत के 140 करोड़ लोगों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोगों की ओर से शिंजो आबे को श्रद्धांजलि है। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर भी भारत-जापान दोस्ती का प्रतीक है।

पति को याद कर भावुक हुईं आकिए आबे
कॉरिडोर देखने के दौरान आकिए आबे भावुक हो गईं। उन्होंने शिंजो आबे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंधों को याद किया। कहा कि उनके पति का प्रधानमंत्री मोदी से गहरा लगाव और आत्मीय संबंध था। आकिए आबे ने बताया कि 2015 में काशी आने के बाद शिंजो आबे उन्हें गंगा आरती और वाराणसी की यादें साझा करते थे। तभी से उनके मन में भी वाराणसी आने की इच्छा थी। उन्होंने कहा कि अगर आज उनके पति जीवित होते तो अपने नाम पर बने इस स्मारक को देखकर बहुत खुश होते। उन्होंने कहा कि इसकी बाहरी दीवारों पर 108 रुद्राक्ष लगे हैं और जापान में भी 108 संख्या का विशेष महत्व है।
मोदी-आबे की दोस्ती से बुलेट ट्रेन तक का जिक्र
योगी ने नरेंद्र मोदी और शिंजो आबे के संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों नेताओं की दोस्ती गुजरात से जुड़े दौर में मजबूत हुई। 2007 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते नरेंद्र मोदी की जापान यात्रा के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी। उन्होंने बताया कि 2014 में मोदी और आबे की मुलाकात के दौरान वाराणसी और क्योटो के बीच पार्टनर सिटी समझौता हुआ। दिसंबर 2015 में शिंजो आबे नरेंद्र मोदी के साथ वाराणसी आए और गंगा आरती में शामिल हुए। 2017 में दोनों नेताओं ने अहमदाबाद में मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना की आधारशिला रखी थी।

नितिन नबिन बोले- घुसपैठियों के लिए लड़ रहा विपक्ष
इसके बाद रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबिन की जनसभा हुई। वाराणसी में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली जनसभा बताई गई। पार्टी ने सभा में करीब 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की थी। नितिन ने विपक्ष पर घुसपैठियों के लिए राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी असामाजिक तत्वों के मुद्दे पर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। सवाल उठता है कि वे किसकी लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष जिन घुसपैठियों को हक दिलाने की बात कर रहा है, भारत की जनता उन्हें कभी हक नहीं देगी। SIR के जरिए मतदाता सूची से ऐसे लोगों के नाम हटाए जाने पर लोकतंत्र को लेकर सवाल उठाने को लेकर भी उन्होंने विपक्ष को घेरा। नितिन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिचौलियों को खत्म किया है और सरकारी पैसा सीधे गरीबों तक पहुंच रहा है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के दौरान 25 करोड़ भारतीय गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
योगी ने गिनाए यूपी में बदलाव
जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में पिछले वर्षों में हुए बदलाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय प्रदेश में हालात ऐसे थे कि जिस जमीन पर माफिया खड़ा हो जाता था, वह जमीन उसकी मानी जाने लगती थी। योगी ने कहा कि उस दौर में बेटियां सूर्यास्त के बाद घर से निकलने में डरती थीं और व्यापारी भय के माहौल में रहते थे। त्योहारों से पहले उत्सव की जगह उपद्रव शुरू हो जाते थे। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में माफिया मिट्टी में मिल गए हैं। योगी ने नरेंद्र मोदी के 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बनने का जिक्र करते हुए कहा कि गुजरात भूकंप जैसी बड़ी आपदा से जूझ रहा था। मोदी के नेतृत्व में गुजरात दोबारा मॉडल स्टेट के रूप में खड़ा हुआ और देश भी उसी अनुभव से आगे बढ़ा।
हिमंता ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सुन लें, जब तक भारत में सनातन की शक्ति है, नरेंद्र मोदी का कोई बाल भी बांका नहीं कर सकते। हिमंता ने कहा कि 10-20 हजार लोगों को इकट्ठा करके नरेंद्र मोदी को रोकने की कोशिश करने वाले गलतफहमी में हैं। उन्होंने कहा कि देश की करोड़ों माताओं, युवाओं और सनातन भारत का आशीर्वाद प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। उन्होंने कहा कि कभी असम में हर दिन बम विस्फोट होते थे, लेकिन आज वहां सेमीकंडक्टर रेवोल्यूशन हो रहा है। उन्होंने राम मंदिर निर्माण, सीमावर्ती इलाकों में सड़क और रेल नेटवर्क और भारत की सैन्य क्षमता का जिक्र करते हुए इसे नए भारत की तस्वीर बताया।
वडनगर से काशी तक, आस्था और आत्मीयता का अटूट सेतु!
मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी आज जनपद वाराणसी में वडनगर से बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी काशी तक आयोजित बाइक सेवा यात्रा के समापन समारोह में सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य श्री @NitinNabin जी एवं असम के मुख्यमंत्री श्री @himantabiswa जी भी उपस्थित रहे।
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) October 7, 2026
आज भी नितिन नबिन करेंगे आठ बैठकें
नितिन नबिन 8 अक्टूबर को वाराणसी में संगठन की आठ बैठकों में हिस्सा लेंगे। इनमें काशी क्षेत्र के 16 जिलों के सांसद, विधायक और एमएलसी के साथ बैठक के अलावा जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों की बैठक शामिल है। महिला मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और युवा मोर्चा के साथ भी अलग-अलग बैठक होगी। मीडिया मैनेजमेंट, आईटी सेल और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक प्रस्तावित है। पुराने और बुजुर्ग कार्यकर्ताओं के साथ भी नितिन नबिन बैठक करेंगे।






