मुलायम सिंह की पुण्यतिथि: Lucknow University में गूंजे रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय के मुद्दे
PDA YOUTH MEET UP अभियान में छात्र-युवाओं से सीधा संवाद, लोहिया वाहिनी नेता बोले- सपा सरकार बनी तो शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने पर होगा जोर

लखनऊ, 10 अक्टूबर 2026:
समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर लखनऊ विश्वविद्यालय के नवीन परिसर में छात्र-युवाओं ने उनके संघर्षों और समाजवादी विचारधारा को याद किया। PDA YOUTH MEET UP अभियान के तहत आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सामाजिक न्याय, बेरोजगारी, शिक्षा और प्रदेश के विकास जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अंकुर पाण्डेय की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं साझा करते हुए इन पर ठोस पहल की जरूरत जताई।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का राजनीतिक जीवन किसानों, नौजवानों, पिछड़ों, वंचितों और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों के संघर्ष से जुड़ा रहा। उनके विचार सामाजिक समानता, जनसेवा और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देते हैं। वक्ताओं ने देश की एकता और अखंडता के प्रति उनके योगदान को भी याद किया।
युवाओं के मुद्दों पर सपा का फोकस
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा की बढ़ती लागत, रोजगार के अवसर, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक न्याय जैसे सवालों पर छात्र-युवाओं के साथ संवाद किया गया। अंकुर पाण्डेय ने कहा कि PDA YOUTH MEET UP अभियान का मकसद युवाओं से सीधे जुड़ना, उनकी समस्याओं को समझना और उनकी आवाज को मजबूती से उठाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में युवाओं की भूमिका अहम है। उन्हें गुणवत्तापूर्ण और सस्ती शिक्षा के साथ पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने, स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सामाजिक न्याय को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।

अखिलेश यादव के विकास कार्यों का किया जिक्र
अंकुर पाण्डेय ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को आधुनिक सोच वाला नेता बताते हुए उनके कार्यकाल में शुरू की गई विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं का उल्लेख किया। इनमें आईटी सिटी, ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा, डायल-100, लखनऊ मेट्रो, इकाना स्टेडियम, मुफ्त लैपटॉप वितरण योजना और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे शामिल रहे। उन्होंने कहा कि इन पहलों ने प्रदेश में विकास को गति देने में भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में छात्रसभा के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान रोहित यादव, आदित्य पाण्डेय, प्रसन्न शुक्ला, रवि नन्दन यादव, अक्षत पाण्डेय, अनादि तिवारी, वैभव यादव, प्रियांशु यादव, यश सिंह, सौम्या तिवारी, अनम फातिमा, अंजली यादव, भावना सिंह, सृष्टि मिश्रा समेत कई छात्र-युवा मौजूद रहे।






