उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम : बारिश संग पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार, यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
प्रदेश में 14 से 16 अक्टूबर के बीच मौसम में बदलाव से ठंड बढ़ने की उम्मीद, देहरादून, नैनीताल व हरिद्वार समेत मैदानी जिलों में हो सकती है बारिश, पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले लोग मौसम का रखें अपडेट

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 13 अक्टूबर 2026ः
उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। प्रदेश में 14 से 16 अक्टूबर के बीच बारिश और ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम में इस बदलाव से पहाड़ों में ठंड बढ़ने और तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मैदानी जिलों में भी बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि ऊंची चोटियों पर बर्फबारी से ठंड का असर और बढ़ेगा।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार 14 और 15 अक्टूबर को देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार समेत मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 15 को गढ़वाल मंडल और 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के कुछ जनपदों में बारिश हो सकती है। इसके चलते पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ठंडा होने के साथ तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 14 अक्टूबर को 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 15 और 16 अक्टूबर को 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है और पहाड़ों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
गढ़वाल से कुमाऊं तक दिखेगा असर
पूर्वानुमान के मुताबिक 16 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में भी बारिश होने की संभावना है। गढ़वाल और कुमाऊं के पर्वतीय इलाकों में मौसम में बदलाव का असर अधिक देखने को मिल सकता है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में बारिश से तापमान में बदलाव की संभावना है। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले लोगों और यात्रियों को स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखने को कहा गया है। खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा की योजना बनाने वालों को मौसम की स्थिति के अनुसार सावधानी बरतने की अपील की गई है।






