Uttarakhand News : कुंभ-2027 में भीड़ संभालने से लेकर सुरक्षा तक, सतपाल महाराज ने तय की तैयारियों की दिशा
हरिद्वार में श्रद्धालुओं के लिए यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं और घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर, भगदड़ रोकने के लिए वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था के निर्देश

योगेंद्र मलिक
हरिद्वार, 15 अक्टूबर 2026:
उत्तराखंड के हरिद्वार में Kumbh Mela 2027 की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को सभी काम तय समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। गुरुवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और आवागमन को ध्यान में रखकर सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पिछले आयोजनों के अनुभव से बनेगी कार्ययोजना
सतपाल महाराज ने कहा कि कुंभ में श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को ध्यान में रखते हुए पिछले आयोजनों के अनुभवों से सीख लेकर व्यापक कार्ययोजना बनाई जाए। बसों और ट्रेनों के संचालन की ठोस योजना तैयार करने के साथ उसका प्रचार-प्रसार भी किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा से जुड़ी जानकारी पहले ही मिल सके। उन्होंने भीड़भाड़ वाले दिनों में भगदड़ की आशंका को रोकने के लिए खास सतर्कता बरतने को कहा। ट्रेन रवाना होने से ठीक पहले प्लेटफॉर्म बदलने या दूसरी व्यवस्थाओं में अचानक बदलाव से बचने के निर्देश दिए। आपात स्थिति में भीड़ को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वैकल्पिक रास्तों की पहचान कर उन्हें इस्तेमाल के लायक रखने पर भी जोर दिया।
घाटों पर सुरक्षा, बुजुर्गों के लिए रैंप
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए रैंप बनाने के साथ पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम उपलब्ध कराने को कहा गया। मेले के दौरान संक्रामक बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार कर उसका सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों से अस्पतालों, एंबुलेंस, जरूरी दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को समय पर इलाज मिल सके।

सफाई, बिजली और संचार पर भी नजर
मेला क्षेत्र में कूड़ा प्रबंधन, सीवरेज निस्तारण और साफ-सुथरे शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया। शौचालयों की नियमित सफाई के साथ पूरे क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया गया। कुंभ के दौरान बिजली आपूर्ति और दूरसंचार सेवाएं निर्बाध रखने के लिए संबंधित विभागों को समय रहते इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
मंदिरों, पुलों और घाटों को मिलेगा आकर्षक रूप
सतपाल महाराज ने हरिद्वार के प्रमुख मंदिरों, पुलों और घाटों पर सजावट, फसाड सुधार और आकर्षक लाइटिंग कराने को कहा। उन्होंने कुंभ को उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत देश-दुनिया तक पहुंचाने का अहम अवसर बताया। साधु-संतों की शोभायात्राओं के दौरान पुष्पवर्षा, स्वागत और अभिनंदन की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने यह भी कहा कि कुंभ के लिए तैयार की जा रही सड़क, घाट और दूसरी आधारभूत सुविधाओं का लाभ हरिद्वार के लोगों को पूरे साल मिलना चाहिए।
मेलाधिकारी ने बताई निर्माण कार्यों की स्थिति
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ज्यादातर काम तय समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं। पुलों, घाटों और सड़कों से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने के लिए निगरानी की जा रही है। कार्यदायी संस्थाओं को काम में तेजी लाने और निर्धारित समय में परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े रहे अफसर
बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, नगर आयुक्त नंदन कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेला अधिकारी आकाश जोशी, तकनीकी सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए टिहरी गढ़वाल की पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, पौड़ी गढ़वाल के अपर जिलाधिकारी फिंचा राम चौहान सहित देहरादून, पौड़ी और टिहरी के अन्य अधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया।






