Uttarakhand

Uttarakhand News : धामी ने बर्नीगाड़ को सौंपे 217 करोड़ के प्रोजेक्ट, नए डिग्री कॉलेज से खुलेगी उच्च शिक्षा की राह

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 38 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया, राजकीय महाविद्यालय का किया शुभारंभ, सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में लाभार्थियों को बांटे चेक और उपकरण

राजकिशोर तिवारी

उत्तरकाशी, 15 अक्टूबर 2026:

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के बर्नीगाड़ में विकास योजनाओं को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 217 करोड़ रुपये की लागत वाले 38 कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। बृहस्पतिवार को पचरोला विधानसभा क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ भी किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, सड़क और खेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी कई घोषणाएं कीं।

कॉलेज के स्थायी भवन से मिनी स्टेडियम तक की घोषणा

मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन और परिसर का निर्माण जल्द शुरू कराने की बात कही। उन्होंने राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने और बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग बनाने की भी घोषणा की। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय बड़कोट और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने की बात कही। डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल और सड़क निर्माण का काम भी जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया।

ये भी पढ़ें:

194 करोड़ से ज्यादा के 30 कार्यों की रखी नींव

मुख्यमंत्री ने 194 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 30 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत पुरोला खंड के 18 कार्यों पर 176.87 करोड़ रुपये खर्च होंगे। लोक निर्माण विभाग के पुरोला खंड के पांच कार्यों पर छह करोड़ रुपये और बड़कोट खंड के चार कार्यों पर 6.61 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सिंचाई खंड पुरोला के तीन कार्यों के लिए 5.12 करोड़ रुपये का प्रावधान है।

Advertisement

uttarakhand-cm-dhami-217-crore-development-projects-barnigad-degree-college (2)

22 करोड़ से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण

कार्यक्रम में 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले आठ विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इनमें सड़क और शिक्षा से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सेवा सेतु अभियान के शिविर में बांटे चेक और उपकरण

सेवा सेतु अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने अलग-अलग विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से सरकारी योजनाओं की स्थिति और पात्र लोगों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। इस दौरान लाभार्थियों को चेक और उपकरण भी बांटे गए। धामी ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का मकसद सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। लोगों की समस्याओं का समाधान उनके क्षेत्र में ही हो, ताकि छोटे-छोटे कामों के लिए उन्हें तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

uttarakhand-cm-dhami-217-crore-development-projects-barnigad-degree-college (3)

लखपति दीदी योजना और युवाओं को रोजगार का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पादों, हथकरघा और हस्तशिल्प के जरिए अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने क्षेत्र को विकास योजनाओं की सौगात देने और राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ शुरू कराने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  Sports Complex: रुड़की को मिली नई पहचान, धामी ने खिलाड़ियों को दी 3.75 करोड़ की सौगात

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link