Uttarakhand

Uttarakhand News : नवंबर में मेधावी छात्रों का दूसरे राज्यों में दौरा, ड्रेस-बैग की रकम भी जल्द खाते में

देश के बड़े वैज्ञानिक, अंतरिक्ष अनुसंधान व तकनीकी संस्थानों को करीब से देखने का मौका मिलेगा, सरकारी स्कूलों के छात्रों को मिलने वाली रकम बढ़ाने का प्रस्ताव भी कैबिनेट में आएगा

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 17 अक्टूबर 2026:

उत्तराखंड के मेधावी छात्र नवंबर में दूसरे राज्यों के शैक्षिक भ्रमण पर जाएंगे। इस दौरान उन्हें देश के प्रमुख वैज्ञानिक केंद्रों, अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थानों, तकनीकी संस्थानों, खेल प्रशिक्षण केंद्रों व सांस्कृतिक स्थलों को देखने का मौका मिलेगा। वहीं, सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को ड्रेस, बैग, जूते व साइकिल के लिए मिलने वाली धनराशि एक महीने के भीतर सीधे बैंक खातों में भेजने की तैयारी है।

शैक्षिक भ्रमण के लिए नोडल अधिकारी नामित होंगे

विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने शनिवार को शिक्षा निदेशालय स्थित विद्या समीक्षा केंद्र में विभागीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने नवंबर में होने वाले शैक्षिक भ्रमण की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। इसके लिए निदेशालय स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:

आईआईटी रुड़की से कॉर्बेट पार्क तक का दौरा

शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्रों, अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थानों, खेल प्रशिक्षण केंद्रों, तकनीकी संस्थानों, सांस्कृतिक धरोहरों, संगीत व कला अकादमियों को देखने का मौका मिलेगा। राज्य के भीतर भी छात्रों को आईआईटी रुड़की, एनआईटी, आईआईएम काशीपुर, एफआरआई देहरादून, मसूरी स्थित आईएएस प्रशिक्षण अकादमी व जिम कॉर्बेट पार्क ले जाने की योजना है।

Advertisement

कैबिनेट में आएगा रकम बढ़ाने का प्रस्ताव

सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को मिलने वाले निःशुल्क टैबलेट, स्कूल ड्रेस, बैग, जूते व साइकिल की धनराशि बढ़ाने की तैयारी है। शिक्षा मंत्री ने इसके लिए प्रस्ताव आगामी कैबिनेट बैठक में रखने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को ड्रेस, बैग, जूते व साइकिल के लिए मिलने वाली मौजूदा रकम एक महीने के भीतर प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी DBT के जरिए बैंक खातों में भेजने की बात भी कही गई।

स्मार्ट क्लास व छात्रावासों का होगा लोकार्पण

प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया यानी पीएम-श्री योजना व समग्र शिक्षा अभियान के तहत तैयार आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, खेल परिसर व छात्रावासों का जल्द लोकार्पण करने के निर्देश दिए गए। इन सुविधाओं के शुरू होने से सरकारी स्कूलों में पढ़ाई व खेल गतिविधियों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे।

खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश

बैठक में प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के शैक्षिक व शिक्षणेत्तर संवर्ग के खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने पर जोर दिया गया। चतुर्थ श्रेणी के पदों को भरने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा अशासकीय विद्यालयों में शिक्षकों के समायोजन व प्रांतीयकरण से जुड़े मामलों पर काम करने को कहा गया। सेवारत शिक्षकों के लिए विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

एससीईआरटी व डायट के नए ढांचे पर भी चर्चा

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद यानी SCERT व जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों यानी DIET के नए ढांचे से जुड़े प्रस्ताव आगामी कैबिनेट बैठक में रखने को कहा गया। बैठक में सचिव विद्यालयी शिक्षा ज्योति यादव, निदेशक एससीईआरटी वंदना गब्र्याल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा विनोद कुमार सिमल्टी, निदेशक प्राथमिक शिक्षा केएस रावत, उप निदेशक जेपी काला, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून गोविंद राम जायसवाल व वित्त नियंत्रक वीरेंद्र कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया।

ये भी पढ़ें  देहरादून में तेज रफ्तार कार का कहर : पैदल जा रहे छह मजदूरों को कुचला, चार की मौत

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link