Varanasi : Air Show से पहले रंगों और रोशनी से सज रही काशी, बाबतपुर से नमो घाट तक दिखेगी सांस्कृतिक विरासत
दीवारों पर गंगा के घाट और सुबहे बनारस की झलक, पेड़ों-पुलों पर फसाड लाइटिंग, डमरू, त्रिशूल और ॐ के प्रतीकों से सजेगा नमो घाट मार्ग

लखनऊ/वाराणसी, 20 अक्टूबर 2026:
यूपी के वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो से पहले काशी को भव्य और आकर्षक रूप देने की तैयारी तेज हो गई है। बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक प्रमुख मार्गों, भवनों, फ्लाईओवर, पुलों और दीवारों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। कहीं दीवारों पर गंगा की लहरें और घाटों के दृश्य उकेरे जा रहे हैं तो कहीं सुबहे बनारस, गंगा आरती और काशी की कला-संस्कृति की झलक दिखाई देगी।
पेड़ों, बिजली के खंभों और पुलों पर रंग-बिरंगी रोशनी शहर की सुंदरता बढ़ाएगी। इस पूरी कवायद के जरिए एयर शो के दौरान काशी आने वाले लोगों को शहर की धार्मिक, सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत से रूबरू कराने की तैयारी है।

दीवारों पर उकेरेंगे काशी की पहचान
वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के मुताबिक काशी की समृद्ध विरासत, परंपरा और सांस्कृतिक विविधता को ध्यान में रखते हुए सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं। एयरपोर्ट से नमो घाट तक पेंटिंग, म्यूरल आर्ट और आकर्षक लाइटिंग के माध्यम से शहर की पहचान को उभारा जा रहा है। दीवारों पर गंगा की लहरों, घाटों और गंगा तट के दृश्य नजर आएंगे। भवनों पर सुबहे बनारस और गंगा आरती से जुड़े चित्रों के साथ भगवान बुद्ध से संबंधित प्रसंगों तथा काशी के गीत-संगीत और नृत्य की झलक भी देखने को मिलेगी।
डमरू, त्रिशूल और ॐ से सजेगा नमो घाट मार्ग
नमो घाट मार्ग के डिवाइडर पर भगवान शिव के डमरू, त्रिशूल और ॐ के प्रतीकों वाले झंडे लगाने का प्रस्ताव है। इससे मार्ग को काशी की आध्यात्मिक पहचान के अनुरूप सजाने की योजना है। वहीं, चौकाघाट से नमो घाट तक दुकानों और भवनों को एक ही रंग में रंगा जा रहा है जिससे पूरे मार्ग पर एकरूपता दिखाई दे और शहर का दृश्य अधिक व्यवस्थित नजर आए।
पेड़ों से पुलों तक रोशनी की सजावट
नमो घाट से चौकाघाट तक भवनों पर फसाड पेंटिंग कराई जा रही है। नमो घाट मार्ग पर मोटिफ लाइटें लगाई जा रही हैं जबकि चौकाघाट पुल पर मोटिफ स्तंभ स्थापित किए जा रहे हैं। नमो घाट और गया घाट पर पेंटिंग का काम भी जारी है।

एयरपोर्ट से नमो घाट तक जगमगाएगा रास्ता
बाबतपुर एयरपोर्ट से अतुलानंद तक मोटिफ लाइटिंग और बिजली के खंभों पर स्ट्रिप लाइट लगाने का काम चल रहा है। बाबतपुर से फ्लाईओवर तक डिवाइडर की पेंटिंग कराई जा रही है। इसके अलावा बाबतपुर से नमो घाट ब्रिज तक पेड़ों और पुल पर फसाड लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। कार्य पूरे होने के बाद एयरपोर्ट से नमो घाट तक का मार्ग रोशनी, रंगों और काशी की सांस्कृतिक झलक से सजा नजर आएगा।






