
वाराणसी, 21 अक्टूबर 2026:
धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में बुधवार को गंगा के ऊपर भारतीय वायु सेना के भव्य एयर शो का ग्रैंड रिहर्सल किया गया। आसमान में विमानों की गर्जना और रोमांचक हवाई करतब देखने के लिए नमो घाट समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर लोगों की भारी भीड़ जुटी। गंगा किनारे स्थित मकानों की छतों से लेकर रेस्टोरेंट तक में लोगों ने इस नजारे को देखने की तैयारी की। कई रेस्टोरेंट में पहले से टेबल बुक कराई गई हैं। 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले इस एयर शो में करीब 100 विमान अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों की मारक क्षमता, आधुनिक तकनीक और समन्वित हवाई युद्धाभ्यासों की झलक देखने को मिलेगी। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, जगुआर, मिग-29 और एलसीए जैसे लड़ाकू विमान गंगा के ऊपर रोमांच पैदा करेंगे। वायु सेना के 94 वर्ष की सेवा के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शन में परिवहन विमान, हेलीकॉप्टर और एक विरासत विमान भी शामिल होंगे।

100 विमान दिखाएंगे ताकत, 12 हवाई अड्डों से भरेंगे उड़ान
वायु सेना के अधिकारियों के मुताबिक एयर शो में 100 विमान हिस्सा लेंगे। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक विरासत विमान शामिल हैं। ये विमान देश के 12 हवाई अड्डों से उड़ान भरेंगे। इनके जरिए भारतीय वायु सेना अपनी परिचालन क्षमता, आधुनिक सैन्य तकनीक और हवाई युद्धाभ्यासों में दक्षता का प्रदर्शन करेगी।
महादेव, हनुमान और पशुपति के नाम पर खास फॉर्मेशन
एयर शो में भारतीय संस्कृति और सैन्य पराक्रम का अनूठा संगम भी देखने को मिलेगा। ‘महादेव’ संरचना में हवा में ईंधन भरने वाला आईएल-78 विमान तीन मिराज-2000 लड़ाकू विमानों के साथ उड़ान भरेगा। ‘हनुमान’ नामक प्रदर्शन में सुखोई-30 एमकेआई का पायलट कम ऊंचाई पर रोमांचक कलाबाजियां दिखाएगा। वहीं, ‘पशुपति’ संरचना में चार जगुआर विमान डायमंड फॉर्मेशन में उड़ान भरेंगे। इसके बाद तीन राफेल विमानों का ‘नीलकंठ’ फॉर्मेशन आसमान में दिखाई देगा।

‘प्रचंड’ फॉर्मेशन होगा सबसे बड़ा आकर्षण
एयर शो का प्रमुख आकर्षण छह अलग-अलग प्रकार के लड़ाकू विमानों का ‘प्रचंड’ फॉर्मेशन होगा। इसमें सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, जगुआर, मिराज-2000, एलसीए और मिग-29 तीर के आकार में उड़ान भरेंगे। यह अनूठी संरचना भारतीय वायु सेना की मारक क्षमता, सटीक हमले की तैयारी और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगी।

एयर शो को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मेडिकल टीमें सक्रिय हैं। गंगा में एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं जिससे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखी जा सके। काशी में इस भव्य आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह है।






