Lucknow City

यूपी के इस महिला FPO का मॉडल समझने पहुंचे केंद्र के अफसर, 1,221 शेयरधारकों के साथ आगे बढ़ रही कंपनी

Women Empowerment UP : मिर्जापुर में कृषि उत्पादों की खरीद-बिक्री से लेकर जैव उर्वरक उत्पादन तक संभाल रहीं महिलाएं, विंध्य मार्ट में स्थानीय उत्पादों के कारोबार को भी मिला बढ़ावा

लखनऊ, 23 अक्टूबर 2026:

यूपी के मिर्जापुर में महिला किसान अब खेती तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कारोबार संभालने से लेकर बाजार में अपने उत्पादों की बिक्री तक में अहम भूमिका निभा रही हैं। छानबे विकासखंड की छनवर एग्रो किसान उत्पादक कंपनी से 1,221 महिला शेयरधारक जुड़ी हैं। केंद्र सरकार के कैबिनेट सचिवालय के अतिरिक्त सचिव सौरभ कुमार तिवारी ने मिर्जापुर पहुंचकर इस महिला एफपीओ के कामकाज को समझा। उन्होंने महिला किसानों से कारोबार चलाने, बाजार तक पहुंच बनाने और ग्रामीण महिलाओं की आमदनी बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी ली।

गेहूं की खरीद से जैव उर्वरक उत्पादन तक फैला कारोबार

वर्ष 2022-23 में स्थापित छनवर एग्रो किसान उत्पादक कंपनी की महिला निदेशकों ने अधिकारियों के सामने अपने कामकाज का ब्योरा रखा। कंचन गुप्ता, कविता राही, शालिनी दुबे सहित बोर्ड के अन्य सदस्यों ने बताया कि कंपनी कृषि उत्पादों के एकत्रीकरण, खरीद-बिक्री, कस्टम हायरिंग सेंटर, कृषि अवशेष प्रबंधन और जैव उर्वरक उत्पादन से जुड़ी है। महिला निदेशकों ने गेहूं की खरीद और आपूर्ति का अनुभव साझा करते हुए बताया कि कंपनी 25 मीट्रिक टन गेहूं की आपूर्ति कर चुकी है।

सालाना खर्च से अधिक कमाया व्यावसायिक मार्जिन

महिला किसान उत्पादक संगठन ने अब तक करीब 10.5 लाख रुपये का व्यावसायिक मार्जिन अर्जित किया है, जो कंपनी के सालाना संचालन खर्च से अधिक है। कंपनी के तहत जैविक खाद, बीज, कीटनाशी, कैटल फीड की बिक्री के साथ धान और गेहूं की खरीद-बिक्री भी की जाती है। महिला निदेशकों ने बताया कि सदस्य स्तर से प्रोड्यूसर ग्रुप, किसान उत्पादक संगठन और राज्य स्तरीय महासंघ तक संस्थागत ढांचा तैयार किया गया है। इसके जरिए महिलाओं को कारोबार से जोड़ने, सामूहिक फैसले लेने और कृषि उत्पादों की मूल्य श्रृंखला मजबूत करने पर काम हो रहा है।

ये भी पढ़ें:

हर सदस्य को लखपति दीदी बनाने की रणनीति

महिला एफपीओ की कार्यप्रणाली में सदस्यों की भागीदारी, स्थानीय जरूरतों के हिसाब से योजना बनाने और बाजार से सीधे जुड़ने पर जोर दिया जा रहा है। कंपनी का लक्ष्य प्रत्येक सदस्य की आमदनी बढ़ाकर उसे लखपति दीदी बनाना है। इस मॉडल में महिलाओं को केवल स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों तक सीमित रखने के बजाय कारोबार के संचालन, उत्पादों की बिक्री और आर्थिक फैसलों में भागीदारी दी जा रही है।

Advertisement

विंध्य मार्ट में महिला उद्यमियों से भी मिले अधिकारी

दौरे के दौरान अतिरिक्त सचिव सौरभ कुमार तिवारी ने जिलाधिकारी पवन कुमार के साथ मां विंध्यवासिनी परिसर में स्वयं सहायता समूहों की ओर से संचालित विंध्य मार्ट का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने महिला उद्यमियों से बातचीत कर स्थानीय उत्पादों की बिक्री और कारोबार से जुड़ी जानकारी ली। अधिकारियों ने स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों को भी देखा।

mirzapur-mahila-fpo-chhanwar-agro-lakhpati-didi (2)

विंध्य मार्ट में पूजा सामग्री, फूल-माला, माता की चुनरी, बनारसी साड़ी, लाल पेड़ा, अचार, मुरब्बा, कालीन सामग्री, धूप-अगरबत्ती, बांस से बने उत्पाद, मिक्स मेवा और मिट्टी के दीये सहित कई सामान उपलब्ध हैं। विंध्य धाम प्रसादम बॉक्स के जरिए भी स्थानीय उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

वन प्रिया योजना से लेकर सौर सिंचाई तक पर चर्चा

दौरे के दौरान मिर्जापुर में वन प्रिया योजना के विस्तार, सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई प्रणाली, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जलवायु अनुकूल ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर भी जानकारी ली गई। इन कामों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इस मौके पर जिलाधिकारी पवन कुमार, नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस के युवा पेशेवर गणेश महालावत, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रतिनिधि राजीव कुमार त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर महेंद्र सिंह, उपायुक्त स्वतः रोजगार रमाशंकर सिंह, खंड विकास अधिकारी रामपाल, डीएमएम सरोज पांडेय और ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया की टीम मौजूद रही।

महिला किसान कंपनी कैसे करती है काम

छनवर एग्रो किसान उत्पादक कंपनी का संचालन महिला किसानों के नेतृत्व में किया जा रहा है। सामुदायिक संस्थाओं, जिला प्रशासन, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया के सहयोग से विकसित इस मॉडल में महिलाओं को संगठित कर कृषि कारोबार से जोड़ा गया है। कंपनी के जरिए महिला किसान उत्पादन, खरीद-बिक्री, विपणन और व्यावसायिक फैसलों में भागीदारी निभा रही हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं के लिए खेती के साथ कारोबार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें  भू-स्वामित्व नामांतरण व लैंड यूज चेंज की प्रक्रिया होगी आसान... लागू होगी डिजिटल व्यवस्था

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link