UP Metro का भुवनेश्वर में जलवा, UMI सम्मेलन में मिला बेस्ट स्टॉल अवार्ड
लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो की कनेक्टिविटी ने खींचा ध्यान, एमडी सुशील कुमार ने डेटा आधारित परिवहन व्यवस्था को बताया विकसित भारत @2047 की अहम जरूरत

लखनऊ, 24 अक्टूबर 2026:
यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धियों और नवाचारों का लोहा मनवाया है। ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया (UMI) सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में यूपी मेट्रो को बेस्ट स्टॉल अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार शहरी परिवहन को अधिक सुगम, टिकाऊ और यात्रियों की जरूरतों के अनुकूल बनाने की दिशा में यूपी मेट्रो के प्रयासों को मिली पहचान है।
सम्मेलन में यूपी मेट्रो के पवेलियन का प्रमुख आकर्षण मल्टीमॉडल इंटीग्रेशन वॉल रही। इसके जरिए लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो की कनेक्टिविटी तथा रेलवे स्टेशनों सहित परिवहन के अन्य साधनों के साथ उनके जुड़ाव को प्रदर्शित किया गया। इसका उद्देश्य यह बताना था कि मेट्रो और परिवहन के दूसरे साधनों के बीच निर्बाध कनेक्टिविटी से यात्रियों की यात्रा आसान होती है। सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलता है।

पवेलियन में यूपी मेट्रो की उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण की पहलों और भविष्य की विस्तार योजनाओं को भी प्रदर्शित किया गया। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शक श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार मिलने से भी शहरी परिवहन के क्षेत्र में कॉर्पोरेशन की पहलों और नवाचारों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली।
डेटा आधारित परिवहन पर फोकस
सम्मेलन के दौरान यूपी मेट्रो के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने डेटा गवर्नेंस और इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट विषय पर आयोजित सत्र में अपने विचार रखे। उन्होंने विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को हासिल करने में डेटा आधारित परिवहन नियोजन की अहम भूमिका बताई।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट परिवहन नियोजन से यातायात जाम कम करने, कार्बन उत्सर्जन नियंत्रित करने और यात्रा के विभिन्न साधनों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में मदद मिल सकती है। इसके लिए साझा मानकों, तकनीकी प्रणालियों के बीच समन्वय, डेटा सुरक्षा, यात्रियों की निजता और जिम्मेदारी से डेटा साझा करने पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित UMI सम्मेलन नीति निर्माताओं, परिवहन विशेषज्ञों और मेट्रो संगठनों को अनुभव साझा करने का मंच प्रदान करता है। यहां प्रस्तुत यूपी मेट्रो की पहल एकीकृत और टिकाऊ शहरी परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आई।






