Lucknow CityUttar Pradesh

जनता दर्शन में योगी की दो टूक : कमजोरों को उजाड़ने वाले बख्शे नहीं जाएंगे, अफसरों को सख्त निर्देश

लखनऊ में मुख्यमंत्री ने सुनीं फरियाद, अवैध कब्जों पर कठोर कार्रवाई और पीड़ितों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण की दी हिदायत, मासूम को चॉकलेट देकर जीता सबका दिल

लखनऊ, 26 अक्टूबर 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कमजोर और निर्बल लोगों को उजाड़ने वालों तथा अवैध कब्जा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और हर शिकायत का त्वरित एवं संतुष्टिपरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।
लखनऊ में जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

‘नर सेवा-नारायण सेवा’ के भाव से हो जनसेवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘नर सेवा-नारायण सेवा’ के भाव से जनसेवा कर रही है। सरकार का संकल्प जनकल्याण के साथ नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे हर पीड़ित की समस्या को गंभीरता से सुनें और उसके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएं।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें:

जमीन विवाद में पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर

सीएम योगी ने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और हर पीड़ित की मदद की जानी चाहिए। जमीन-जायदाद से जुड़े पारिवारिक विवादों में संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि किसी कारणवश सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का फायदा जरूरतमंदों तक पहुंच सके।

Advertisement

मासूम को चॉकलेट देकर मुस्कुराए मुख्यमंत्री

जनता दर्शन के दौरान भावुक और आत्मीय पल भी देखने को मिला। मां के साथ पहुंचे एक मासूम बच्चे से मुख्यमंत्री ने प्यार से बातचीत की। योगी को अपने पास देखकर बच्चा मुस्कुराने लगा। मुख्यमंत्री ने उसे चॉकलेट दी तो वह खिलखिला उठा और तुरंत चॉकलेट ले ली। योगी आदित्यनाथ और बच्चे के बीच इस आत्मीय संवाद ने वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर भी मुस्कान बिखेर दी।

ये भी पढ़ें  हर जन्मदिन पर लगाएं एक पौधा... युवाओं और बच्चों को CM योगी का संदेश

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link