National

‘दूल्हा तो पापा की उम्र का निकला’, चेहरा देखते ही दुल्हन ने लौटाई बारात

प्रयागराज, 16 जून 2025:
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने शादी से सिर्फ इसलिए इनकार कर दिया क्योंकि दूल्हा उसकी उम्मीद से कहीं ज्यादा उम्रदराज निकला। यह घटना फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है, जहां मध्य प्रदेश के इंदौर से बारात आई थी।

बताया गया कि शादी की सभी रस्मों की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। जैसे ही द्वारचार की रस्म शुरू हुई और दुल्हन ने दूल्हे का चेहरा देखा, वह गुस्से से आगबबूला हो गई। दुल्हन ने तुरंत शादी से इनकार कर दिया और कहा, “ये तो मेरे पापा की उम्र के हैं, मैं ऐसे व्यक्ति से शादी नहीं करूंगी।”

दुल्हन पक्ष का आरोप है कि उन्हें शादी से पहले किसी और युवक की तस्वीर दिखाई गई थी, लेकिन सेहरा पहनकर जो व्यक्ति आया, वह बिलकुल अलग और उम्र में काफी बड़ा था। इस पर परिजनों ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया और बारात में हंगामा मच गया।

मामले को बढ़ता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। यूपी 112 और फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की। करीब दो घंटे तक दोनों पक्षों के बीच पंचायत चलती रही, मगर कोई समाधान नहीं निकल सका। अंत में बारात को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा।

ये भी पढ़ें:

गौर करने वाली बात यह रही कि दुल्हन पक्ष ने पुलिस में किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी। उन्होंने इंसानियत का परिचय देते हुए बारातियों को भोजन कराया और सम्मानपूर्वक विदा किया।

यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग दुल्हन के फैसले की सराहना कर रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग इसे पारिवारिक संवादहीनता और सामाजिक दबाव का नतीजा बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी यह घटना तेजी से वायरल हो रही है।

ये भी पढ़ें  26/11 हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा को दिल्ली कोर्ट से राहत, परिवार से फोन पर बात करने की मिली अनुमति

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button