Uttar Pradesh

UP : निषाद पार्टी में बड़ा फेरबदल, डॉ. संजय निषाद ने बेटे सरवन को प्रदेश प्रभारी पद से हटाया

लखनऊ, 24 अगस्त 2025:

यूपी की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने अपने बेटे सरवन निषाद को उत्तर प्रदेश प्रभारी पद से हटा दिया।

नए फेरबदल के तहत व्यास मुनि निषाद को उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष और बाबू राम निषाद को प्रदेश प्रभारी बनाया गया। इससे पहले यह जिम्मेदारी डॉ. संजय निषाद के पुत्र सरवन निषाद के पास थी। राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य मिठाई लाल निषाद को राष्ट्रीय सचिव और बिहार प्रदेश सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वह इससे पहले पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष (आईटी सेल) थे।

इसी तरह प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष और राज्य महिला आयोग की सदस्य जनकनंदिनी निषाद को भी राष्ट्रीय सचिव व बिहार सह प्रभारी बनाया गया है। दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में हुई प्रदेश समिति की बैठक में यह बदलाव किए गए।

बैठक में डॉ. संजय निषाद ने प्रदेश अध्यक्ष और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य रविन्द्र मणि निषाद को राष्ट्रीय सचिव, राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य और बिहार प्रभारी नियुक्त किया।

पार्टी के राष्ट्रीय वरिष्ठ महासचिव अमेरिकन बिंद ने रविवार को नवनियुक्त पदाधिकारियों की सूची जारी की और कहा कि नए जिम्मेदार पदाधिकारियों के आने से संगठन नई ऊर्जा के साथ काम करेगा, जिसका लाभ आगामी चुनावों में पार्टी को मिलेगा।

ये भी पढ़ें  आगरा में बारिश से धंसी सड़क, गहरे गड्ढे में गिरा युवक, दोस्तों ने जान पर खेलकर बचाई जान

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button