Vigilance Trap : 30 लाख का पेमेंट, मांगी 9 लाख की घूस, मथुरा में रिश्वतखोर पंचायत सचिव अरेस्ट
यूपी विजिलेंस टीम ने एक लाख रुपये एडवांस लेते रंगे हाथों दबोचा, ठेकेदार ने सीसी रोड, नाली, पार्क और भवन निर्माण के कराए थे कार्य

लखनऊ, 6 नवंबर 2026:
उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई में मथुरा का एक पंचायत सचिव रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। गोवर्धन विकास खंड की ग्राम पंचायत अडींग में तैनात पंचायत सचिव मनीष भंडारी को विजिलेंस आगरा सेक्टर की ट्रैप टीम ने शुक्रवार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। आरोप है कि सचिव ने ठेकेदार के करीब 30 लाख रुपये के बकाया भुगतान के बदले नौ लाख रुपये कमीशन की मांग की थी।
यूपी विजिलेंस मुख्यालय के अधिकारियों के मुताबिक शिकायतकर्ता परवेज अहमद ने वर्ष 2023, 2024 और 2025 में ग्राम पंचायत अडींग में करीब दो करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए थे। इनमें सीसी रोड, नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग, पार्क और भवन निर्माण के काम शामिल थे। इन कार्यों के एवज में उन्हें करीब 30 लाख रुपये का भुगतान मिलना बाकी था।
आरोप है कि बकाया भुगतान जारी कराने के लिए पंचायत सचिव मनीष भंडारी ने 30 प्रतिशत कमीशन की मांग की। कथित तौर पर सौदा नौ लाख रुपये में तय हुआ। इसमें एक लाख रुपये एडवांस देने और शेष आठ लाख रुपये भुगतान मिलने के बाद देने की बात हुई।
ठेकेदार परवेज रिश्वत देने के बजाय सचिव को रंगे हाथों पकड़वाना चाहते थे। उन्होंने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान आगरा सेक्टर से लिखित शिकायत की। विजिलेंस की गोपनीय जांच में शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद शुक्रवार को ट्रैप टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही पंचायत सचिव ने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये लिए वैसे टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद मनीष भंडारी के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान आगरा सेक्टर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
रिश्वत मांगे तो यहां करें शिकायत
विजिलेंस के पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से अपील की है कि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करे तो तत्काल शिकायत करें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9454401864 और 9454404853 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा सतर्कता मुख्यालय के नंबर 9454401866 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।






