Lucknow City

UP News : मां रह चुकी हैं सांसद, पति सपा प्रवक्ता, अब अनुपमा राग ने प्रशासनिक सेवा को कहा अलविदा

PCS Officer Anupama Rag VRS : सिधौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी हैं अनुपमा, मां सुशीला सरोज मोहनलालगंज से रह चुकी हैं सांसद

लखनऊ, 6 नवंबर 2026:

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक सेवा से जुड़े एक बड़े फैसले ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। जीएसटी विभाग में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात रहीं पीसीएस अधिकारी अनुपमा राग ने सरकारी नौकरी छोड़ दी है। उनके VRS के बाद अब उनके राजनीति में आने की चर्चा शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि वह समाजवादी पार्टी के टिकट पर सीतापुर की सिधौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट से दिए संकेत

अनुपमा राग ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने प्रशासनिक सेवा से सार्वजनिक जीवन की ओर कदम बढ़ाने की बात कही है। हालांकि, उन्होंने किसी राजनीतिक दल में शामिल होने या चुनाव लड़ने का औपचारिक ऐलान नहीं किया है।

अपने संदेश में अनुपमा ने लिखा कि एक नए संकल्प के साथ नई शुरुआत कर रही हैं। प्रशासनिक सेवा से सार्वजनिक जीवन की ओर उनका यह कदम समाज के प्रति जिम्मेदारियों को नए तरीके से निभाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि बदलाव के लिए विचारों के साथ भागीदारी और सार्थक प्रयास भी जरूरी हैं।

ये भी पढ़ें:

राजनीतिक परिवार से रहा है नाता

अनुपमा राग के परिवार का समाजवादी पार्टी से पुराना जुड़ाव रहा है। उनकी मां सुशीला सरोज वर्ष 2004 में मोहनलालगंज लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर सांसद बनी थीं। वह मुलायम सिंह यादव सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं।

Advertisement

अनुपमा के पति अनुराग भदौरिया समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता हैं। वह लखनऊ की पूर्व विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं। ऐसे में अनुपमा के इस्तीफे को राजनीतिक गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

पिता रहे हैं आईपीएस अधिकारी

अनुपमा के पिता आरपी सरोज भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी रहे हैं। वह 1964 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। प्रशासनिक सेवा से जुड़े परिवार में पली-बढ़ी अनुपमा खुद भी पीसीएस अधिकारी के रूप में काम कर चुकी हैं। वह पेशे से गायिका भी हैं।

उनकी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति को मंजूरी भी मिल गई है। फिलहाल सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक पारी शुरू कर सकती हैं। हालांकि, उनकी उम्मीदवारी को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

ये भी पढ़ें  INVEST UP : योगी की नई रणनीति, जिलों में निवेश बढ़ाने पर फोकस, उद्यमी होंगे ब्रांड अम्बेसडर

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link