UP Politics : PDA में D का मतलब दूर से प्रणाम! मंत्री राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा तंज
यूपी चुनाव विधानसभा 2027 से पहले तेज हुए सियासी हमले, राजभर ने PDA के बहाने सपा के सामाजिक समीकरण पर उठाए सवाल, दलितों की बदहाली के लिए अखिलेश सरकार को घेरा

लखनऊ, 5 नवंबर 2026:
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) 2027 से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगी एवं योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजभर ने अखिलेश के PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए तंज कसा कि अब इसमें ‘D’ यानी दलित के लिए दूर से प्रणाम करने की स्थिति बनती जा रही है।
मंत्री राजभर ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा, ”मित्र अखिलेश जी, ले लिए सबका हाल-समाचार? ऐसा लगता है कि आपके PDA में ‘D’ का माने ‘दूर’ से प्रणाम होता जा रहा है।” उन्होंने अखिलेश के हालिया दौरों का जिक्र करते हुए कहा कि रामपुर में ‘A’ से, बनारस में स्वजातीय ‘P’ के घर-दुकान पर और नाम करने के लिए ‘D’ सांसद के महल में जाकर मुलाकात कर ली। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश के शासनकाल में ‘P’ और ‘A’ के बीच असली ‘D’ यानी दलितों की स्थिति दयनीय रही।
कैबिनेट मंत्री ने मौजूदा योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि आज दलितों के घर पक्के हैं, शौचालय बने हैं, महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर कमाई कर रही हैं और बच्चों को बेहतर शिक्षा व रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
मित्र अखिलेश जी,
ले लिए सब का हाल-समाचार?
ऐसा लगता है कि आपके पीडीए में ‘डी’ का माने ‘दूर’ से प्रणाम होता जा रहा है।
रामपुर जाकर ‘ए’ से मिल लिए, बनारस में स्वाजातीय वाले ‘पी’ के घर-दुकान हो लिए और लगे हाथ नाम करने के लिए ‘डी’ सांसद के महल में टहल आए।
वैसे भी आपके राज में ‘पी’ और ‘ए’ के बीच असली ‘डी’ यानी दलित की स्थिति दयनीय ही रही।
वैसे, कभी मौका मिले तो आज नए उत्तर प्रदेश में किसी भी असली ‘डी’ की स्थिति देखने उनके आवास पर जाइएगा, उनका घर अब पक्का है, शौचालय बना है, उनकी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से भी जुड़ दो पैसे कमा रही हैं और उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा और रोजगार भी मिल रहा है। जो आपकी सरकार ने पहले इसी ‘डी’ से जबरन लूट लिया था।
महाराज, ज़मीन पर उतरिए। सिर्फ़ “अपने वालों” के यहां नहीं बल्कि आम जनता से भी मिलिए, तभी तो जानेंगे कि आपके कुशासन की तुलना में वर्तमान शासन में क्या क्या बदल गया है। सोचिएगा ज़रूर।
जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय परशुराम, जय महाराजा सुहेलदेव!
@yadavakhilesh— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) November 5, 2026
सुभासपा प्रमुख ने अखिलेश को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें जमीन पर उतरकर केवल अपने करीबियों ही नहीं अपितु आम जनता से भी मिलना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि तभी अखिलेश को पूर्ववर्ती सरकार के कुशासन और वर्तमान शासन के बीच का अंतर समझ आएगा।
मालूम हो कि राजभर कई हफ्तों से लगातार सपा और अखिलेश यादव को विभिन्न मुद्दों पर निशाना बना रहे हैं। चुनाव से पहले उनकी यह बयानबाजी प्रदेश की सियासत में PDA बनाम NDA की बहस को और गरमा सकती है।






