
लखनऊ, 20 सितंबर 2026:
UP Assembly Elections 2027 की आहट के साथ सियासी बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। पिछले कई हफ्तों से समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर लगातार हमलावर रहे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष एवं योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर अब सपा मुखिया ने पलटवार किया है।
लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने एक सवाल पर ओमप्रकाश राजभर का बिना नाम लिए उनके सोशल मीडिया पोस्ट और उनकी हालिया चुप्पी पर तंज कसा। अखिलेश यादव ने कहा, ‘हाल में उनका कोई पोस्ट नहीं आया है। कहीं पासवर्ड तो नहीं छिन गया।’ उन्होंने आगे कहा कि अगर पासवर्ड छिन जाएगा तो कौन पोस्ट कर पाएगा।
अखिलेश ने यहां तक कहा कि ‘पासवर्ड पाने के लिए बारगेनिंग हो रही होगी।’ उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर पोस्ट नहीं हो रहा है तो हो सकता है पासवर्ड ही नहीं दिया गया हो। इसके साथ ही उन्होंने इशारों में सवाल उठाया कि कहीं किसी ‘गिनती’ को लेकर तो बारगेनिंग नहीं चल रही।

मालूम हो कि कुछ समय से ओमप्रकाश राजभर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सपा और अखिलेश यादव को निशाना बनाते रहे हैं। सितंबर में उनके कई पोस्ट और बयानों में अखिलेश की राजनीतिक रणनीति, सपा और उसके नेताओं पर तीखे तंज देखने को मिले हैं।
हाल ही में राजभर ने आजमगढ़ में भी अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘रंग बदलने में माहिर’ बताया था। वहीं राजभर ने अखिलेश की प्रस्तावित पीडीए यात्रा को लेकर सपा पर हमला बोला था। ऐसे में अखिलेश यादव का ‘पासवर्ड’ और ‘बारगेनिंग’ वाला तंज यूपी की चुनावी सियासत में चल रही जुबानी जंग की एक नई कड़ी के तौर पर सामने आया है। राजभर के लगातार हमलों के बीच अखिलेश ने सीधे नाम लेने के बजाय सोशल मीडिया की गतिविधियों को निशाना बनाकर पलटवार किया।







सटीक प्रतिक्रिया