Lucknow News : संगीत रागी के खिलाफ LU में उबाल, सपा छात्र सभा ने फूंका पुतला, तस्वीर को पैरों से रौंदा
टीवी डिबेट में सपा प्रवक्ता मनोज काका पर जातीय टिप्पणी करने का आरोप, समाजवादी छात्र सभा ने दी चेतावनी- जातिगत अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे

लखनऊ, 4 नवंबर 2026:
दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर संगीत रागी के कथित जातीय बयान को लेकर लखनऊ में समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट पर छात्र नेताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने संगीत रागी का पुतला फूंका और उनकी तस्वीर को पैरों से रौंदकर अपना आक्रोश जताया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि एक टीवी चैनल पर बहस के दौरान प्रोफेसर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज काका के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी की है। पुतला जलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उसे कब्जे में ले लिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्रनेता आदित्य पांडेय ने कहा कि टीवी डिबेट के दौरान संगीत रागी ने मनोज काका के साथ-साथ यादव समाज को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की है। यह महज किसी व्यक्ति विशेष का अपमान नहीं बल्कि पूरे समाज की गरिमा पर हमला है। उन्होंने कहा कि समाजवादी छात्र सभा किसी भी कीमत पर इस तरह की अभद्रता बर्दाश्त नहीं करेगी। जाति के आधार पर किसी को अपमानित करना संबंधित व्यक्ति की छोटी सोच और मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है।
आदित्य पांडेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और सभी वर्गों के सम्मान की बात करते हैं। पार्टी की विचारधारा में जाति और धर्म के आधार पर किसी का अपमान करने की कोई जगह नहीं है। लोकतांत्रिक समाज में सार्वजनिक मंचों से इस तरह की भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती।

वहीं, रोहित यादव ने कहा कि जातिसूचक टिप्पणी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल बेहद निंदनीय है। सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को अपनी भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। किसी भी समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रदर्शन में सर्वेश यादव, प्रसन्न शुक्ला, शिव पूजन पांडेय, रवि नंदन यादव, प्रियांशु यादव, उत्कर्ष त्रिपाठी, अखंड प्रताप सिंह, अनादि तिवारी, अक्षत पांडेय, विभु चौबे, सौम्य चतुर्वेदी, जतिन यादव समेत कई छात्र शामिल थे।






