लखनऊ में प्लॉट खरीदने का सपना हुआ पूरा! LDA ने 2,243 भूखंडों की निकाली लॉटरी, आज फिर खुलेगी किस्मत
नैमिष नगर और वरुण विहार योजना में पहले दिन 2,243 आवेदकों को मिला प्लॉट, 38,457 लोगों ने कराया था पंजीकरण, आज और शुक्रवार को भी होगा लकी ड्रॉ

लखनऊ, 5 नवंबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना आशियाना बनाने का सपना देख रहे हजारों लोगों की धड़कनें इन दिनों बढ़ी हुई हैं। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की नैमिष नगर और वरुण विहार आवासीय योजनाओं के तहत 2,243 भूखंडों का लॉटरी के जरिए आवंटन किया गया। जैसे ही लॉटरी में किसी आवेदक के नाम की पर्ची खुली उसका चेहरा खुशी से खिल उठा। वहीं, कई लोगों की आंखें खुशी के आंसुओं से भर आईं। आज और कल (शुक्रवार) भी अलग-अलग श्रेणियों के भूखंडों के लिए लॉटरी निकाली जाएगी।
दोनों योजनाओं के प्रथम चरण की लॉटरी का आयोजन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया गया। वरुण विहार योजना के लिए जुपिटर सभागार और नैमिष नगर योजना के लिए मार्स हॉल में ड्रॉ आयोजित हुआ। पहले दिन वरुण विहार में 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 1,522 भूखंडों का आवंटन किया गया। नैमिष नगर में 72 वर्गमीटर के 197 और 112.5 वर्गमीटर के 524 भूखंडों की लॉटरी निकाली गई।
आज 819 भूखंडों के लिए खुलेगी किस्मत
एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि वरुण विहार योजना में आज 200 वर्गमीटर के 617 भूखंडों का ड्रॉ होगा। शुक्रवार को 162, 288, 300 और 450 वर्गमीटर के 727 भूखंडों के लिए लॉटरी निकाली जाएगी। वहीं, अपर सचिव सीपी त्रिपाठी के मुताबिक नैमिष नगर योजना में आज 162 और 200 वर्गमीटर के 819 भूखंडों का आवंटन होगा। शुक्रवार को 288 और 450 वर्गमीटर के 133 भूखंडों के लिए लकी ड्रॉ आयोजित किया जाएगा।

38 हजार से ज्यादा लोगों ने कराया था पंजीकरण
नैमिष नगर और वरुण विहार योजनाओं के लिए गत 24 सितंबर से 27 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा दी गई थी। दोनों योजनाओं में 38,457 लोगों ने आवेदन किया है। लॉटरी के पहले दिन 2,243 भूखंडों का ड्रॉ खुले मंच पर आवेदकों की मौजूदगी में कराया गया। आवेदकों को मंच पर बुलाकर उन्हीं के हाथों से पर्चियां निकलवाई गईं। पूरी प्रक्रिया का एलडीए के यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया।
इस दौरान एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचकर लॉटरी की प्रक्रिया और आवेदकों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को पूरी पारदर्शिता के साथ आवंटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्राधिकरण के कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।






