Lucknow City

5 करोड़ पौधों के महाअभियान का लक्ष्य, सिपाही भर्ती परीक्षा की शुचिता पर योगी का सख्त संदेश

मुख्यमंत्री ने तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को जनआंदोलन बनाने के निर्देश, भर्ती परीक्षा में शुचिता और अभ्यर्थियों की सुविधा पर विशेष जोर

लखनऊ, 4 जून 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी आरक्षी (सिपाही) नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा और केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाले जनभागीदारी आधारित कार्यक्रमों की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासनिक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को प्रदेशभर में चलाए जाने वाले ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान के तहत न्यूनतम 5 करोड़ पौधों का रोपण सुनिश्चित किया जाए। सीएम योगी ने कहा कि यह पौधरोपण कार्यक्रम के साथ मातृत्व के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देने वाला जनअभियान है।

उन्होंने अधिकारियों को पौधों की पर्याप्त उपलब्धता, जियो टैगिंग और उनके संरक्षण की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं। इसमें समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

ये भी पढ़ें:

बैठक में 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर इससे समझौता नहीं होना चाहिए।

Advertisement

उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की संभावित भागीदारी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जिलों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी यातायात प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए जिससे अभ्यर्थियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने परिवहन विभाग को रियायती किराये पर अंतर्जनपदीय विशेष बसों के संचालन की व्यवस्था करने को कहा। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति और वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पर्यावरण संरक्षण, सुशासन और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से जनता का विश्वास और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों से सभी तैयारियां समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरी करने को कहा।

ये भी पढ़ें  लखनऊ में ‘रन फॉर यूनिटी’ : शामिल हुए सैकड़ों लोग, डिप्टी CM पाठक ने दिया एकता और संकल्प का संदेश

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link