Ayodhya Deepotsav 2026 : छोटे दुकानदारों की बल्ले-बल्ले, तीन गुना तक बढ़ी रोजाना कमाई
राम की पैड़ी और घाटों पर उमड़ रहे श्रद्धालुओं से चाय, समोसा और झालमुड़ी की बिक्री में उछाल, सात नवंबर को मुख्य आयोजन के दौरान कारोबार और बढ़ने की उम्मीद

अयोध्या/लखनऊ, 5 नवंबर 2026:
रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव का उल्लास अभी चरम पर पहुंचना बाकी है लेकिन इसकी रौनक ने छोटे दुकानदारों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरनी शुरू कर दी है। राम की पैड़ी और आसपास के घाटों पर दीपोत्सव की तैयारियां देखने पहुंच रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती भीड़ स्थानीय कारोबारियों के लिए कमाई का बड़ा अवसर बन रही है। चाय, समोसा, लाई-चना और झालमुड़ी जैसे खाद्य उत्पादों की बिक्री में तेजी आई है। हालात यह हैं कि सामान्य दिनों में 700 से 1000 रुपये प्रतिदिन कमाने वाले कुछ दुकानदारों की आमदनी इन दिनों 2500 से 3000 रुपये तक पहुंच गई है। यानी उनकी रोजाना कमाई करीब तीन गुना हो गई है।
सीएम योगी के नेतृत्व में नव्य, भव्य और दिव्य अयोध्या में इस बार 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने के लक्ष्य के साथ दीपोत्सव की तैयारियां चल रही हैं। राम मंदिर निर्माण के बाद पर्यटन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विस्तार से अयोध्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ी है। दीपोत्सव ने इस रफ्तार को और तेज कर दिया है। शाम होते ही राम की पैड़ी और घाटों पर जुट रही भीड़ से छोटे दुकानदारों का कारोबार भी चमकने लगा है।
समोसे की बिक्री से रोहित की कमाई तीन गुना
गोंडा निवासी रोहित शुक्ला घाटों पर समोसा बेचते हैं। वह बताते हैं कि सामान्य दिनों में उनकी रोजाना कमाई 700 से 900 रुपये रहती थी लेकिन एक-दो दिनों में यह बढ़कर 2500 से 3000 रुपये तक पहुंच गई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही से समोसों की बिक्री में करीब तीन गुना उछाल आया है।
लाई-चना बेचकर रविन्द्र भी खुश
अयोध्या के रुदौली निवासी रविन्द्र कुमार कनौजिया घाटों पर लाई-चना बेचते हैं। उनके मुताबिक दीपोत्सव की तैयारियों के बीच ग्राहकों की संख्या बढ़ने से बिक्री में उल्लेखनीय इजाफा हुआ है। सामान्य दिनों के मुकाबले इन दिनों उनकी आमदनी दो से तीन गुना तक बढ़ रही है।

चाय की मांग ने बढ़ाई प्रेम कुमार की कमाई
सिकंदरपुर चौरी निवासी प्रेम कुमार भट्ट चाय बेचकर परिवार का गुजारा करते हैं। वह बताते हैं कि पहले रोजाना 700 से 800 रुपये की कमाई होती थी लेकिन दीपोत्सव की रौनक के बीच आमदनी दो से तीन गुना तक बढ़ गई है। घाटों पर घूमने आने वाले लोग चाय पीने के लिए रुक रहे हैं जिससे बिक्री लगातार बढ़ रही है।
मुख्य आयोजन से कारोबार को और मिलेगी रफ्तार
सात नवंबर को दीपोत्सव के मुख्य आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद है। इससे छोटे दुकानदारों को अतिरिक्त कमाई का अवसर मिल सकता है। राम मंदिर निर्माण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और बड़े धार्मिक आयोजनों का असर अब स्थानीय अर्थव्यवस्था में भी दिखाई देने लगा है। होटल, परिवहन और खानपान कारोबार के साथ घाटों पर रेहड़ी लगाने वाले छोटे दुकानदार भी अयोध्या की बढ़ती रौनक से समृद्धि की नई उम्मीद जोड़ रहे हैं।






