अयोध्या न्यूज : घुसपैठियों की बात करने वाले 12 साल का हिसाब दें, संजय सिंह ने अमित शाह से पूछे सवाल
एसआईआर में 13.37 करोड़ वोट कटने का किया दावा, राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी और जमीन खरीद के आरोपों पर भी उठाए सवाल

अनिल निषाद
अयोध्या, 4 नवंबर 2026:
यूपी के अयोध्या पहुंचे आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने घुसपैठियों के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। बुधवार को महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के देश में तीन करोड़ घुसपैठिए होने के बयान पर सवाल उठाए।
मीडिया से रूबरू होकर संजय सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार पिछले 12 साल से सत्ता में है। अमित शाह भी इतने समय से सरकार में हैं, ऐसे में उन्हें बताना चाहिए कि अब तक कितने घुसपैठियों को देश से बाहर भेजा गया है। उन्होंने सरकार से इस संबंध में आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की।
एसआईआर पर चुनाव आयोग को घेरा
चुनाव आयोग की ओर से चलाए जा रहे एसआईआर को लेकर संजय सिंह ने दावा किया कि देशभर में 13 करोड़ 37 लाख मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। विपक्ष का समर्थन करने वाले मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।
राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर गिरफ्तारी की मांग
संजय सिंह ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला भी उठाया। उन्होंने जमीन खरीद में कथित घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में 304 वीडियो सामने आने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव की गिरफ्तारी की मांग की।






