अग्निशमन अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ा, होटल मालिक से एनओसी के नाम पर मांगे थे 20 हजार रुपये
धामी सरकार भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर सख्त, शिकायतकर्ता की शिकायत पर सतर्कता विभाग की टीम ने की कार्रवाई, कर्मचारियों में मचा हड़कंप

योगेंद्र मलिक
पौड़ी गढ़वाल, 4 नवंबर 2026:
धामी सरकार भ्रष्टाचार को लेकर सख्त कदम उठा रही है। सतर्कता विभाग ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने बुधवार को कोटद्वार फायर स्टेशन के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को 6 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
विभाग ने मामले की कराई थी जांच
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन स्थित अपने होटल की फायर एनओसी प्राप्त करने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि एनओसी के एवज में फायर स्टेशन कोटद्वार के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी ने उससे 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में प्रकरण ट्रैप कार्रवाई के योग्य पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में केस पंजीकृत कराया गया।
रिश्वतखोरी के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम
बुधवार को सतर्कता टीम ने कार्रवाई करते हुए भूपेश त्यागी (लीडिंग फायरमैन), प्रभारी अग्निशमन अधिकारी को शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी कार्यों में रिश्वतखोरी के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






