खेलकूद समारोह 2026 : धामी ने अपने विद्यार्थी जीवन के संस्मरण किए साझा, विजेता खिलाड़ी सम्मानित
गाजियाबाद में समारोह का भव्य समापन, सीएम ने कहा- देशभर से खिलाड़ियों का एक मंच पर एकत्र होना 'लघु भारत' का दर्शन, उत्तराखंड में खेल सुविधाओं के विस्तार पर दिया जोर

योगेंद्र मलिक
गाजियाबाद/देहरादून, 4 नवंबर 2026:
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को गाजियाबाद में विद्या भारती द्वारा आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह 2026 के समापन समारोह में पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही देशभर से आए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सीएम ने कहा कि खेलकूद केवल शारीरिक क्षमता और प्रतिभा प्रदर्शन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए विद्यार्थियों में अनुशासन, एकता, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभावना का विकास होता है।
‘खेल का मैदान सभी को एक सूत्र में जोड़ता’
धामी ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों की सहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाती है। हिमालय के सीमांत क्षेत्रों से लेकर कन्याकुमारी और पश्चिमी सीमाओं से लेकर पूर्वोत्तर तक के खिलाड़ियों का एक मंच पर एकत्र होना वास्तव में ‘लघु भारत’ का दर्शन कराता है। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि विभिन्न भाषाओं, वेशभूषाओं और सांस्कृतिक परिवेश से आए खिलाड़ियों को एक साथ देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। खेल का मैदान सभी को एक सूत्र में जोड़ता है और खिलाड़ियों को एक-दूसरे की संस्कृति एवं परंपराओं को समझने का अवसर देता है।
विद्या भारती के योगदान की सराहना की
मुख्यमंत्री ने विद्या भारती के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्था शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। वर्ष 1952 में गोरखपुर में प्रथम सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना से शुरू हुई संस्था की यात्रा आज देश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंच चुकी है। सीमांत, ग्रामीण, जनजातीय और वंचित क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार के लिए संस्था के प्रयास सराहनीय हैं। उत्तराखंड में भी विद्या भारती के विद्यालय शिक्षा और संस्कारों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाएंगे
उन्होंने पेरिस पैरालंपिक 2024 के रजत पदक विजेता निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। सीएम ने विश्वास जताया कि समारोह में शामिल खिलाड़ी भी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश में खेल सुविधाओं और संसाधनों के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
धामी ने कहा कि विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने पर जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। इस अवसर पर विद्या भारती के महेश गुप्ता, अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री देशराज शर्मा, अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री यतीन्द्र कुमार शर्मा, अखिल भारतीय संयोजक खेल विभाग मुक्तेश बगेशा, डॉ. विजय पाल सहित संस्था के पदाधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।






