Lucknow City

Good news : लखनऊ में अपना प्लॉट लेने का मौका, कल से अनंत नगर के 460 प्लॉटों की बुकिंग

मोहान रोड की 785 एकड़ की अनंत नगर योजना में पांचवें चरण के तहत खुल रहा पंजीकरण, 112.5 से 200 वर्गमीटर तक के भूखण्ड शामिल, 9 सितंबर तक ऑनलाइन कर सकेंगे आवेदन, लॉटरी से होगा आवंटन

लखनऊ, 8 अगस्त 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना आशियाना बनाने के लिए प्लॉट की तलाश कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) एक बार फिर अनंत नगर योजना में प्लॉट हासिल करने का मौका देने जा रहा है। योजना के पांचवें चरण में 460 प्लॉट के लिए रविवार यानी 9 अगस्त से पंजीकरण शुरू होगा और आवेदन की अंतिम तारीख 9 सितंबर निर्धारित की गई है। खास बात यह है कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और पात्र आवेदकों के बीच भूखण्डों का आवंटन पारदर्शी तरीके से लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि मोहान रोड पर करीब 785 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अनंत नगर योजना में लगभग डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। योजना को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ग्रिड पैटर्न पर विकसित किया जा रहा है। यहां चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछाई जा रही हैं। योजना के बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। करीब 130 एकड़ भूमि पर पार्क और ग्रीन स्पेस विकसित किए जाएंगे। इससे अनंत नगर को आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यावरण के अनुकूल हरा-भरा क्षेत्र बनाने की तैयारी है।

आशीष खंड में मिलेंगे 460 भूखण्ड

ये भी पढ़ें:

अनंत नगर योजना के पहले चार चरणों में करीब 1700 भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के जरिए किया जा चुका है। इन चरणों में 35 हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण धनराशि जमा कर आवंटन प्रक्रिया में भाग लिया था। अब पांचवें चरण में आशीष खंड के 460 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है। एलडीए के मुताबिक रविवार से पोर्टल लाइव हो जाएगा। इच्छुक लोग 9 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

जमा करनी होगी 5 प्रतिशत पंजीकरण धनराशि

आवेदन करने के लिए इच्छुक लोगों को एलडीए की वेबसाइट registration.ldalucknow.in पर लॉगइन कर पंजीकरण पुस्तिका खरीदनी होगी। इसके बाद संबंधित भूखण्ड के अनुमानित मूल्य की 5 प्रतिशत पंजीकरण धनराशि जमा कर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सफलतापूर्वक पंजीकरण कराने वाले आवेदकों के बीच लॉटरी के जरिए भूखण्ड आवंटित किए जाएंगे।

112.5 से 200 वर्गमीटर तक के प्लॉट

एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा के अनुसार 460 भूखण्डों में 200 वर्गमीटर के 23, 162 वर्गमीटर के 12 और 112.5 वर्गमीटर के 425 भूखण्ड शामिल हैं। यानी अलग-अलग जरूरत और बजट के हिसाब से आवेदकों के पास भूखण्ड चुनने का विकल्प रहेगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी अनंत नगर योजना

अनंत नगर को आधुनिक और सुनियोजित आवासीय क्षेत्र के तौर पर विकसित किया जा रहा है। योजना में बेहतरीन सड़क नेटवर्क, 130 एकड़ का ग्रीन स्पेस, स्वच्छ जल आपूर्ति, भूमिगत विद्युत लाइन, ईवी चार्जिंग स्टेशन, सामुदायिक केंद्र, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और जीरो लिक्विड डिस्चार्ज जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यह योजना प्लॉट खरीदने का अवसर के साथ भविष्य की आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल टाउनशिप में घर बसाने का विकल्प भी बनकर सामने आ रही है।

ये भी पढ़ें  मेरठ का खेल विश्वविद्यालय खोलेगा सफलता के नए द्वार, नए कोर्सों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button