Varanasi

चौकी से 100 मीटर दूर हमला, दुकान के बाहर सो रहे साड़ी कारीगर को पत्थर से कूचकर मार डाला

आदमपुर क्षेत्र में हुई वारदात, हमलावरों ने तीन लोगों पर एक साथ किया हमला, दो घायल हॉस्पिटल में भर्ती, बचाने पहुंचे लोगों पर भी फेंके ईंट-पत्थर, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात

वाराणसी, 8 अगस्त 2026:

वाराणसी के आदमपुर क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूर बदमाशों ने दुकान के बाहर सो रहे तीन लोगों पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में 40 वर्षीय साड़ी कारीगर रवि चौहान की मौके पर मौत हो गई, जबकि पान दुकानदार अशोक पासी उर्फ बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए। तीसरे व्यक्ति गणेशु कनौजिया को मामूली चोट आई है।

सिर पर लगातार किए पत्थरों से वार

घटना हनुमान फाटक इलाके की है। जानकारी के मुताबिक रवि चौहान साड़ी कारीगर का काम करता था। शुक्रवार रात काम खत्म होने के बाद वह दुकान के बाहर सो गया था। पास में अशोक पासी और गणेशु कनौजिया भी अपनी दुकानों के सामने सो रहे थे। इसी दौरान भोर करीब तीन बजे कुछ हमलावर पहुंचे और तीनों पर अचानक ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। रवि के सिर पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ये भी पढ़ें:

Saree Artisan Bludgeoned to Death Outside Shop Near Police Outpost (1)

बचाने पहुंचे लोगों पर भी किया हमला

हमले के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग पीछे हट गए। वारदात के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए फरार हो गए। आदमपुर पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से ईंट-पत्थर समेत कई साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुराने विवाद की भी जांच, CCTV फुटेज से तलाश जारी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले मृतक और उसके साथियों का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। फिलहाल यह साफ नहीं है कि विवाद किससे और किस वजह से हुआ था। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है। वहीं आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावर कितने थे और घटना के बाद किस तरफ भागे। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

ये भी पढ़ें  अलीगंज अग्निकांड : 15 मौतों वाली अवैध बिल्डिंग तोड़ने में खर्च 26 लाख उसके मालिकों से वसूलेगा LDA

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button