लखनऊ, 3 मई 2026:
यूपी में बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की बड़ी खबर आई है। योगी सरकार ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए लोअर और मिडिल क्लास परिवारों को सीधा फायदा पहुंचाया है। अब बिजली का बैलेंस खत्म होते ही कनेक्शन काटने की सख्ती खत्म कर दी गई है।
सबसे बड़ा बदलाव एक किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए किया गया है। अब ऐसे उपभोक्ताओं की बिजली बैलेंस खत्म होने के बाद भी 30 दिनों तक जारी रहेगी। यानी अब लोगों को तुरंत अंधेरे का सामना नहीं करना पड़ेगा बल्कि उन्हें रिचार्ज के लिए पूरा एक महीना मिलेगा।
दरअसल स्मार्ट प्रीपेड मीटर लागू होने के बाद पहले उपभोक्ताओं को केवल 3 दिन का ही समय मिलता था। इसके बाद बिजली आपूर्ति अपने से बंद हो जाती थी। इससे खासकर छोटे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। इसको ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है।
नई व्यवस्था के तहत एक किलोवाट तक के करीब 43 लाख से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा। वहीं एक से दो किलोवाट तक के उपभोक्ताओं के लिए भी राहत दी गई है। उन्हें इमरजेंसी क्रेडिट के रूप में कम से कम 3 दिन या 200 रुपये तक के नेगेटिव बैलेंस की सुविधा मिलेगी। यानी बैलेंस खत्म होने के बाद भी कुछ समय तक बिजली चालू रहेगी।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 67 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं को राहत मिलने का अनुमान है। ऊर्जा विभाग के मुताबिक प्रदेश में अब तक लगभग 83 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें बड़ी संख्या छोटे घरेलू कनेक्शनों की है।
नई व्यवस्था में पारदर्शिता और सुविधा का भी खास ध्यान रखा गया है।
अब किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन काटने से पहले 5 अनिवार्य SMS अलर्ट भेजे जाएंगे। इससे उन्हें समय रहते रिचार्ज का मौका मिल सके। साथ ही शाम 6 बजे से सुबह 8 बजे तक, रविवार, दूसरे शनिवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन बिजली नहीं काटी जाएगी। भले ही बैलेंस खत्म या नेगेटिव ही क्यों न हो।
हालांकि इस दौरान उपयोग की गई बिजली का भुगतान अगले रिचार्ज में स्वतः कट जाएगा। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे UPPCL Smart App के जरिए अपना बैलेंस और खपत नियमित रूप से चेक करते रहें और समय पर रिचार्ज कराएं।
स्मार्ट प्रीपेड मीटर प्रणाली मोबाइल के प्रीपेड सिस्टम की तरह काम करती है। मतलब पहले रिचार्ज करें फिर उपयोग करें। अब इस नई राहत के साथ उपभोक्ताओं को बिना बैलेंस भी कुछ समय तक बिजली की सुविधा मिलना बड़ी राहत मानी जा रही है।






