Lucknow City

सरयू से संगम तक जन आंदोलन: आप की ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा 12 से… जानें मकसद

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दी जानकारी, बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की कोशिश, यात्रा का थीम सॉन्ग 'मैं देश बचाने निकला हूं'

लखनऊ, 10 नवंबर 2025:

आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि बहुप्रतीक्षित ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा आगामी 12 नवंबर से 24 नवंबर तक निकाली जाएगी। यह यात्रा अयोध्या की सरयू नदी से शुरू होकर प्रयागराज के संगम तक पहुंचेगी।

संजय सिंह ने बताया कि यह पदयात्रा यूपी में बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय जैसे दो प्रमुख मुद्दों को लेकर एक जन आंदोलन का स्वरूप लेगी। यात्रा का थीम सॉन्ग “मैं देश बचाने निकला हूं” प्रसिद्ध गायक अल्तमश फरीदी ने गाया है। इसके बोल जाने-माने शायर और लेखक बिलाल भाई ने लिखे हैं।

आप सांसद ने कहा कि यह गीत यूपी के युवाओं और आम जनता की पीड़ा को व्यक्त करता है। उन्हें अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने को प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे बेरोजगार राज्य बन गया है। सरकारी नौकरियों की कमी से लेकर किसानों, बुनकरों और छोटे उद्योगों तक हर वर्ग आर्थिक संकट से जूझ रहा है।

ये भी पढ़ें:

संजय सिंह ने कहा कि किसान को फसल का उचित दाम नहीं मिलता, खाद की लाइन में जान जाती है, कर्ज के बोझ से आत्महत्या करनी पड़ती है। आशा बहुएं, आंगनबाड़ी, शिक्षा मित्र और अनुदेशक अब भी नियमितीकरण की प्रतीक्षा में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाले और टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता जैसी नीतियों ने शिक्षा क्षेत्र में असमानता बढ़ा दी है।

यात्रा के दूसरे प्रमुख मुद्दे सामाजिक अन्याय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज भी दलित समाज के साथ मंदिरों, शादियों और सार्वजनिक स्थानों पर भेदभाव की घटनाएं सामने आती हैं। आरक्षण में हेराफेरी आम हो चुकी है, और न्याय के लिए पुलिस थाने से लेकर तहसील तक कोई दरवाजा खुला नहीं है।

संजय सिंह ने कहा कि यह यात्रा राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने बताया कि यात्रा में युवाओं, किसानों, शिक्षकों और समाज के हर वर्ग के लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। संजय सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान वह प्रदेश के विभिन्न जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक न्याय से जुड़े आंकड़ों और तथ्यों के साथ जनता से संवाद करेंगे।

ये भी पढ़ें  क्रिसमस और न्यू ईयर पर देर रात तक दौड़ेगी लखनऊ मेट्रो, इन जगहोंं पर जाने वालों को मिलेगी राहत

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button