Lucknow CityNational

दिल्ली ब्लास्ट साजिश : हीलर से किलर बने डॉक्टर, डॉ. शाहीन ने 7 देशों में बुना था ऐसा जाल

देश का सबसे चौंकाने वाला खुलासा, दिल्ली में तबाही की तैयारियों में जुटा था जैश-ए-मोहम्मद का मेडिकल मॉड्यूल, मल्टी-लोकेशन ब्लास्ट की योजना बनाकर हमले के बाद थी विदेश भागने की तैयारी

लखनऊ, 15 नवंबर 2025:

दिल्ली में बम ब्लास्ट की साजिश रचने वाले जैश-ए-मोहम्मद के फरीदाबाद मेडिकल मॉड्यूल से जुड़े सनसनीखेज खुलासे सामने आ रहे हैं। जांच में ये बात सामने आई है कि मॉड्यूल के मुख्य संचालकों में से एक लखनऊ की डॉ. शाहीन ने पाकिस्तान से लेकर तुर्किए, यूएई, मलेशिया और मालदीव तक 7 से अधिक देशों में एक मल्टी-लेयर आतंकवादी नेटवर्क खड़ा किया था।

जांच एजेंसियों को जानकारी मिली है कि शाहीन के संपर्क में पाकिस्तानी सेना का एक डॉक्टर, कई कश्मीरी मूल के मेडिक्स और तमाम विदेश नेटवर्क कनेक्शन थे। यूपी में कार्यरत दर्जनों कश्मीरी डॉक्टर और मेडिकल स्टूडेंट्स रडार पर रखे गए हैं। देशभर में यह संख्या सैकड़ों में बताई जा रही है।

एटीएस, दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियों की संयुक्त पूछताछ में यह भी पता चला कि साजिशकर्ताओं ने दिल्ली में मल्टी-लोकेशन ब्लास्ट की योजना बनाकर हमले के बाद विदेश भागने के लिए वीजा भी तैयार रखे थे। इस बीच सहारनपुर से डॉ. आदिल की गिरफ्तारी ने पूरे नेटवर्क को हिला दिया और कई संदिग्ध भूमिगत हो गए।

लखनऊ की रहने वाली डॉ. शाहीन के भाई डॉ. परवेज, को भी जिहादी रास्ते पर ढकेला गया। 2021 में वह मालदीव गया था। इसके बाद शाहीन ने उसका कट्टरपंथी ब्रेनवॉश किया। उसे हथियारों की ढुलाई और संदेश पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई। तकनीकी निगरानी से बचाने के लिए इंटरनेट-रहित कीपैड फोन इस्तेमाल करने को कहा गया।

इस बीच जम्मू-कश्मीर पुलिस देशभर के स्लीपर मॉड्यूल और जैश के सपोर्ट सिस्टम की छानबीन में जुटी है। एटीएस की एक टीम दिल्ली और दूसरी को श्रीनगर भेजा जा रहा है ताकि नेटवर्क के बाकी हिस्सों को तोड़ा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button