National

इंडिगो पर लगा 59 करोड रुपये का जीएसटी जुर्माना, क्या इस आदेश को चुनौती देगी एयरलाइन?

इंडिगो पर जीएसटी से जुड़े मामले में करीब 59 करोड रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसे कंपनी चुनौती देने की तैयारी में है। परिचालन संकट और उड़ानें रद्द होने के बावजूद एयरलाइन ने कारोबार पर बड़े असर से इनकार किया है

नई दिल्ली, 13 दिसंबर 2025 :

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। गुड्ज़ एंड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) से जुड़े एक मामले में इंडिगो पर लगभग 59 करोड रुपये का जुर्माना लगाया गया है। शुक्रवार को एयरलाइन ने शेयर बाजार को इसकी जानकारी दी। दक्षिण दिल्ली के कमिश्रर केंद्रीय माल एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के अतिरिक्त आयुक्त ने वित्त वर्ष 2020-21 के लिए 58,74,99,439 रुपये की जीएसटी मांग के साथ जुर्माना लगाया है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि वह इस आदेश को चुनौती देगी।

इंडिगो ने बीएसई को दी जानकारी में बताया कि विभाग ने जीएसटी की मांग के साथ पेनल्टी भी लगाई है। एयरलाइन का कहना है कि अधिकारियों द्वारा पारित यह आदेश त्रुटिपूर्ण है। कंपनी के अनुसार, इस मामले में उसके पास मजबूत कानूनी आधार मौजूद हैं, जिन्हें बाहरी टैक्स विशेषज्ञों की सलाह से भी समर्थन मिलता है। इसी वजह से इंडिगो संबंधित प्राधिकरण के समक्ष इस आदेश को चुनौती देने की तैयारी कर रही है।

एयरलाइन ने यह भी साफ किया है कि इस कार्रवाई का उसके वित्तीय हालात, परिचालन या अन्य कारोबारी गतिविधियों पर कोई महत्वपूर्ण असर नहीं पड़ेगा। इंडिगो ने निवेशकों को आश्वस्त किया है कि कंपनी की संचालन क्षमता सामान्य बनी रहेगी। गौरतलब है कि इंडिगो की स्थापना वर्ष 1993 में हुई थी और यह देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन मानी जाती है।

ये भी पढ़ें:

वहीं इंडिगो में हालिया परिचालन संकट की जांच कर रही उच्च स्तरीय समिति के सामने कंपनी के सीईओ पीटर एल्बर्स शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन पेश हुए। डीजीसीए की ओर से गठित चार सदस्यीय समिति ने सीईओ के अलावा सीओओ इसिद्रो पोर्केरास से भी कई घंटों तक पूछताछ की। एल्बर्स करीब सात घंटे, जबकि पोर्केरास लगभग पांच घंटे तक पैनल के सामने मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों को समिति के समक्ष अलग अलग समय पर बुलाया गया था।

Advertisement

दिसंबर की शुरुआत से लगभग एक सप्ताह के भीतर इंडिगो की लगभग 5000 उड़ानें रद्द होने से पूरे विमानन क्षेत्र में अफरातफरी की स्थिति बन गई थी। हालांकि सरकार के दबाव और नियामकीय सक्रियता के बाद एयरलाइन का परिचालन धीरे धीरे सामान्य स्थिति की ओर लौटता दिख रहा है। इंडिगो ने शुक्रवार को 2000 से अधिक उड़ानों का संचालन किया।

ये भी पढ़ें  पाकिस्तान में दिलजीत दोसांझ की 'सरदार जी 3' की धूम, पहले दिन ही तोड़ा सलमान की 'सुल्तान' का रिकॉर्ड

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link