गोरखपुर, 4 दिसंबर 2025:
गोरखपुर में गुरुवार का दिन खेल और खिलाड़ियों के नाम रहा। महंत अवेद्यनाथ महाराज सप्तम अखिल भारतीय प्राइजमनी पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता-2025 और 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय खेल प्रतियोगिता (कुश्ती–ग्रीको रोमन) के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी और चेक देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सीएम योगी ने कबड्डी के कई मुकाबले देखे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेलोगे तो खिलोगे अपने लिए भी, समाज और देश के लिए भी। उन्होंने कबड्डी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम को विजेता और पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर को उपविजेता बनने पर बधाई दी। सीएम ने बताया कि प्रतियोगिता में इस बार 12 टीमों के 168 खिलाड़ी और 24 कोच-मैनेजर शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि यूपी खेल प्रोत्साहन में देश का अग्रणी राज्य बन रहा है, क्योंकि सरकार ने खिलाड़ियों के भविष्य की पूरी जिम्मेदारी ली है। ओलंपिक, एशियन, कॉमनवेल्थ या विश्व चैंपियनशिप में पदक लाने वाले खिलाड़ी को सीधे सरकारी नौकरी की गारंटी दी जाती है। डिप्टी एसपी, तहसीलदार सहित कई पदों पर खिलाड़ियों की नियुक्तियां की गई हैं।

सीएम योगी ने यह भी घोषणा की कि किसी भी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी का वह समय ’सर्विस का पार्ट’ माना जाएगा, जिससे उनकी नौकरी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। हर कमिश्नरी मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज, प्रत्येक जिला मुख्यालय पर एक स्टेडियम और हर ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम के निर्माण का लक्ष्य सरकार ने तय किया है। “युद्धस्तर पर खेल सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है,” उन्होंने कहा।
योगी ने खेल संस्कृति के बदलते स्वरूप पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के चलते देश में खेलों के प्रति अभिरुचि तेजी से बढ़ी है। आज भारतीय खिलाड़ी हर मंच ओलंपिक, एशियन, कॉमनवेल्थ और विश्व चैंपियनशिप पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि खेलो इंडिया के माध्यम से देशभर में खेल केंद्र विकसित हो रहे हैं और सांसद-विधायक खेलकूद प्रतियोगिताओं से नई ऊर्जा पैदा हुई है। सीएम ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही धर्म और जीवन के सभी कार्यों की पूर्ति कर सकता है। इसलिए सभी को शारीरिक फिटनेस पर ध्यान देना चाहिए।






