गेस्ट हाउस के बाथरूम में पति को बंद कर फरार हुई नई नवेली दुल्हन…कैश व गहने भी ले गई
आजमगढ़ से अयोध्या घूमने आए थे नवदम्पति, पड़ोसी रूम में रुके लोगों ने पति को आजाद कराया, केस दर्ज, सीसीटीवी फुटेज में अकेले जाते दिखी दुल्हन
अयोध्या, 13 दिसंबर 2025:
शादी के कुछ दिन बाद नवदम्पति अयोध्या घूमने आए। यहां गेस्ट हाउस में रुके, पति बाथरूम में नहाने चला गया इसी बीच नई नवेली दुल्हन बाहर से कुंडी लगाकर रफूचक्कर हो गई। नवविवाहिता अपने साथ गहने और नकदी भी ले गई। अब पति ने श्रीराम जन्मभूमि थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज में दुल्हन अकेले ही जाती दिखाई दी है।
आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महुवामुरारपुर गांव निवासी सत्यप्रकाश यादव ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 30 नवंबर को आजमगढ़ के ही अमानी शरदहा गांव निवासी रंजना यादव से हुई थी। शादी के बाद सत्यप्रकाश अपनी पत्नी के साथ अयोध्या घूमने आए थे।
पीड़ित के अनुसार, 10 दिसंबर को दोनों कौशलेशकुंज कॉलोनी स्थित मां गायत्री पेइंग गेस्ट हाउस के कमरे नंबर-2 में ठहरे थे। 11 दिसंबर की सुबह करीब 6:50 बजे सत्यप्रकाश कमरे के अंदर बने बाथरूम गए। स्नान के बाद जब उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की तो दरवाजा बाहर से बंद मिला।
काफी आवाज लगाने पर बगल के कमरे में ठहरे एक व्यक्ति ने दरवाजा खोला। बाहर निकलने पर सत्यप्रकाश ने देखा कि उनकी पत्नी कमरे में मौजूद नहीं थी। आरोप है कि रंजना यादव कमरे से सभी गहने और नकदी लेकर फरार हो चुकी थी।
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी और बाद में थाना श्रीराम जन्मभूमि पहुंचकर लिखित तहरीर सौंपी। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो पता चला कि गेस्ट हाउस से स्टेशन तक दुल्हन रंजना अकेले ही जाती दिखी।






