National

सीएम ने देखे खेलों के फाइनल मुकाबले, कहा…हर मंडल मुख्यालय पर बनेगा स्पोर्ट्स कॉलेज

गोरखपुर में विधायक खेल स्पर्धा के विजेताओं को किया सम्मानित, खेल ढांचे को और मजबूत करने का ऐलान

गोरखपुर, 29 दिसंबर 2025:

मुख्यमंत्री सोमवार को गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विधायक खेल स्पर्धा 2025 के पुरस्कार वितरण समारोह में पहुंचे। उन्होंने खेलों के फाइनल मुकाबले देखे और कहा कि प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज बनाएगी। इसके साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिले स्तर पर बड़े स्टेडियम तैयार किए जाएंगे।

कार्यक्रम वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित किया गया। यहां मुख्यमंत्री ने कहा कि
खेल से ही स्वस्थ शरीर और मजबूत सोच बनती है। युवा खेलेगा तो देश आगे बढ़ेगा और विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में खेलों को लेकर बड़ा बदलाव आया है और अब भारत दुनिया में मजबूती से अपनी पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने कड़ी ठंड के बावजूद खिलाड़ियों के उत्साह की सराहना की।

WhatsApp Image 2025-12-29 at 6.23.23 PM

सीएम ने कहा कि गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में एक इंटरनेशनल स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके अलावा रीजनल स्टेडियम का 63 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण किया जा रहा है। वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में भी नए और आधुनिक स्टेडियम का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर बनी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में पढ़ाई शुरू हो चुकी है और इसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

संस्थाएं खेल को लेंगी गोद, बच्चों को मिलेगा मंच

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जल्द ही गोरखपुर की सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं के साथ बैठक करेंगे। इसमें संस्थाओं से कहा जाएगा कि वे एक एक खेल को गोद लें। कुछ सहयोग संस्थाएं करेंगी और कुछ सरकार करेगी। अच्छे कोच रखे जाएंगे, जिससे बच्चों को खेल के लिए बेहतर अवसर मिल सके।

WhatsApp Image 2025-12-29 at 6.23.22 PM

अगली बार कामकाजी और रिटायर्ड लोगों के लिए भी खेल प्रतियोगिता

मुख्यमंत्री ने बताया कि अगली विधायक खेल स्पर्धा में बच्चों और छात्रों के साथ साथ कामकाजी और सेवानिवृत्त लोगों के लिए भी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। वार्ड स्तर से शुरू होकर नगर स्तर तक प्रतियोगिताएं होंगी और विजेताओं को बड़े समारोह में सम्मानित किया जाएगा। बच्चों और छात्रों की प्रतियोगिताएं बालक और बालिका वर्ग में बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा स्तर पर कराई जाएंगी।

जनवरी में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, गोरखपुर महोत्सव में सम्मान

मुख्यमंत्री ने बताया कि खेल के साथ साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। गायन, वादन, नृत्य और नाट्य से जुड़ी प्रतियोगिताएं जनवरी के पहले सप्ताह में होंगी।
11 से 13 जनवरी के बीच गोरखपुर महोत्सव में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में करीब 1000 खिलाड़ियों ने सीधे और 10 हजार से अधिक ने अप्रत्यक्ष रूप से हिस्सा लिया। विधायक खेल स्पर्धा में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, जूडो और कुश्ती की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव व सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी गांव देहात के बच्चों तक खेल सुविधाएं पहुंचा रहे हैं। समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने कुश्ती और कबड्डी के फाइनल मुकाबले देखे और खिलाड़ियों का उत्सालह बढ़ाया। उन्होंने कुश्ती और कबड्डी प्रतियोगिता के विजेताओं और उपविजेताओं को पदक, ट्रॉफी और उपहार देकर सम्मानित किया।

ये भी पढ़ें  टोक्यो में CM योगी की निवेश कूटनीति तेज : मित्सुई को UP में ‘फ्यूचर-रेडी’ इन्वेस्टमेंट का न्योता

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button