Business

रिलायंस-एचडीएफसी में बिकवाली से डगमगाया बाजार… सेंसेक्स- निफ्टी में गिरावट, जानिए किन शेयरों ने कमाया लाभ

अमेरिकी टैरिफ चेतावनी और दिग्गज शेयरों में बिकवाली के दबाव में आज शेयर बाजार कमजोरी के साथ खुला, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट आई

बिजनेस डेस्क, 6 जनवरी 2026:

घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत आज कमजोर रुख के साथ हुई। कारोबार के शुरुआती घंटे में रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक जैसे दिग्गज शेयरों में तेज बिकवाली देखी गई, जिससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। वहीं भारत पर टैरिफ बढ़ाने को लेकर अमेरिका की ओर से आई नई चेतावनी ने भी बाजार पर अतिरिक्त दबाव बना दिया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 431.95 अंक टूटकर 85,007.67 के स्तर पर आ गया। वहीं एनएसई निफ्टी 105.6 अंक गिरकर 26,144.70 पर पहुंच गया और 26,200 के अहम स्तर से नीचे फिसल गया। इस दौरान रुपये में हल्की मजबूती देखने को मिली और डॉलर के मुकाबले यह 18 पैसे बढ़कर 90.12 पर कारोबार करता दिखा।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में ट्रेंट के शेयरों में सबसे ज्यादा, सात प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि कंपनी ने दिसंबर तिमाही में 17 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,220 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन राजस्व दर्ज किया है। दूसरी ओर आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स और टाटा स्टील लाभ में रहे। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, इटरनल, एचडीएफसी बैंक और अदानी पोर्ट्स दबाव में नजर आए। thehohalla news 

एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर के मुताबिक भू-राजनीतिक घटनाक्रम और टैरिफ को लेकर अनिश्चितता के चलते बाजार में सतर्कता बनी हुई है। हालांकि मजबूत घरेलू आर्थिक संकेतक और संस्थागत निवेशकों की भागीदारी बाजार को आंतरिक सहारा दे रही है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए कि भारत द्वारा रूसी तेल खरीद को लेकर अमेरिका असंतुष्ट है और नई दिल्ली पर जल्द टैरिफ बढ़ाए जा सकते हैं।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225, शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। ब्रेंट क्रूड 0.24 प्रतिशत गिरकर 61.61 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 36.25 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,764.07 करोड़ रुपये की खरीदारी की। इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 322.39 अंक गिरकर 85,439.62 पर और निफ्टी 78.25 अंक फिसलकर 26,250.30 पर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button