बिजनेस डेस्क, 19 जनवरी 2026:
सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट को लेकर लगाए जा रहे तमाम अनुमान अब गलत साबित होते नजर आ रहे हैं। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन आज चांदी ने बाजार खुलते ही जबरदस्त छलांग लगाई। एक किलो चांदी की कीमत पहली बार तीन लाख रुपये के पार पहुंच गई। यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है, जिसने सर्राफा बाजार से लेकर निवेशकों तक को चौंका दिया है।
एमसीएक्स पर चांदी रिकॉर्ड स्तर पर
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एमसीएक्स) पर चांदी का मार्च वायदा करीब 13,550 रुपये यानी पांच प्रतिशत से ज्यादा की तेजी के साथ 3,01,315 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया। यह चांदी का अब तक का सबसे ऊंचा भाव है। बाजार में चांदी की इस तेज चाल ने साफ कर दिया है कि निवेशकों का रुझान तेजी से सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ रहा है।
जनवरी में 65 हजार से ज्यादा महंगी हुई चांदी
पिछले साल 2025 में शानदार तेजी दिखाने के बाद चांदी ने 2026 की शुरुआत भी रिकॉर्ड तोड़ अंदाज में की है। जनवरी महीने में अब तक चांदी की कीमत 65,614 रुपये प्रति किलो बढ़ चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को चांदी का भाव 2,35,701 रुपये प्रति किलो था, जो अब बढ़कर 3,01,315 रुपये के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया है।
सोने ने भी छुआ नया शिखर
चांदी के साथ साथ सोने की कीमतों में भी तेज उछाल देखने को मिला है। एमसीएक्स पर फरवरी वायदा सोना पिछले शुक्रवार को 1,42,517 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोमवार को कारोबार शुरू होते ही सोना करीब 3,000 रुपये उछलकर 1,45,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। एक ही सत्र में सोने में 2,983 रुपये की तेजी दर्ज की गई।
क्यों बढ़ रहे हैं सोना-चांदी के दाम?
बाजार जानकारों के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ग्रीनलैंड को लेकर दी गई टैरिफ चेतावनी से वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बढ़ी है। भू राजनीतिक तनाव के इस माहौल में निवेशक शेयर बाजार से दूरी बनाकर सोने और चांदी जैसे सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी वजह से दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है।






