Lucknow City

चार दिन बिजली संकट : लखनऊ के इन इलाकों में 1 फरवरी तक लंबी कटौती… जानें शेड्यूल

अशोक मार्ग, श्रीराम टावर, नरही, मीराबाई मार्ग, गुलजार कॉलोनी, यूपीटेक चौराहा, राणा प्रताप मार्ग समेत आसपास होगी कटौती, गोमतीनगर, अलीगंज और डालीगंज क्षेत्र में भी आज बाधित रहेगी सप्लाई

लखनऊ, 29 जनवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के लोगों को ठंड के बीच बिजली कटौती की मार कई दिन झेलनी पड़ेगी। शहर के कई प्रमुख इलाकों में आज से अगले चार दिन तक बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित रहेगी। जवाहर भवन उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में तकनीकी कार्य के चलते सुबह से रात तक बिजली कटने की आशंका है। इससे हजारों घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ सकती है।

बिजली विभाग के अनुसार जवाहर भवन उपकेंद्र पर वैक्यूम सर्किट ब्रेकर (VCB) पैनल बदले जाने का कार्य किया जाएगा। इस कारण आज से 1 फरवरी तक अशोक मार्ग, मीराबाई गेस्ट हाउस, श्रीराम टावर, नरही, मीराबाई मार्ग, गुलजार कॉलोनी, यूपीटेक चौराहा, राणा प्रताप मार्ग समेत आसपास के इलाकों में सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक बिजली बंद रह सकती है।

हालांकि विभाग की ओर से वैकल्पिक स्रोतों से बीच-बीच में बिजली देने की कोशिश की जाएगी लेकिन बार-बार व्यवधान होने की संभावना जताई गई है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि यह कार्य जरूरी रखरखाव के तहत किया जा रहा है ताकि भविष्य में बड़े फॉल्ट से बचा जा सके। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

इसके अलावा आज शहर के कई अन्य इलाकों में निर्धारित कटौती रहेगी। विराजखंड उपकेंद्र के विराट फीडर से जुड़े क्षेत्रों में दोपहर 1 से 3 बजे तक बिजली बंद रहेगी। विश्वासखंड उपकेंद्र के अंतर्गत छोटी और बड़ी जुगौली तथा नेहरू एनक्लेव में सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

विपिनखंड उपकेंद्र के विशाल खंड-3 और 4 के कुछ उपभोक्ताओं को दोपहर 12 से 1 बजे तक कटौती झेलनी पड़ेगी। पुरनिया उपकेंद्र के सेक्टर क्यू, ए, सी, डी, जी, चौधरी टोला, डंडहिया रोड और पलटन छावनी में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। गोयल चौराहा उपकेंद्र के सेक्टर जे और आसपास के इलाकों में भी इसी अवधि में कटौती होगी।

डालीगंज इक्का स्टैंड उपकेंद्र से जुड़े कुतुबपुर, मनकामेश्वर मंदिर, कबाड़ी का पुरवा, जोशीटोला, मुकारिमनगर, बंदी माता मंदिर रोड, केसरीपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह 11 से शाम 4 बजे तक बिजली संकट बना रहेगा। ठंड के मौसम में लंबी कटौती को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। व्यापारियों को भी नुकसान की आशंका सता रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button