Uttar Pradesh

सॉरी मम्मी-पापा… गेम नहीं छोड़ पा रही हूं! 3 सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से लगा दी छलांग, उम्र जानकार रह जाएंगे सन्न

गाजियाबाद में नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर तीन बच्चियों की मौत के पीछे कोरियन गेम की लत को अहम वजह माना जा रहा है, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है

गाजियाबाद, 4 फरवरी 2026:

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां तीन सगी बहनों ने एक साथ आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात लगभग 2 बजे तीनों बच्चियां अपने फ्लैट की बालकनी से नीचे कूद गईं। घटना भारत सिटी के बी-1 टावर स्थित फ्लैट नंबर 907 की है। तीनों बहनें नौवीं मंजिल पर रहती थीं।

कमरा अंदर से बंद कर दिया घटना को अंजाम

जांच में सामने आया है कि बच्चियों ने पहले अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किया। इसके बाद स्टूल की मदद से एक-एक कर बालकनी से नीचे कूद गईं। तीनों बहनों की उम्र 12 से 16 साल के बीच थी। तीनों बच्चियों की पहचान निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) के रूप में हुई है। उनके पिता चेतन ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग का काम करते हैं। परिवार में मां, एक बेटा और तीनों बेटियां रहती थीं। वे दो कमरों और एक हॉल वाले फ्लैट में रहते थे। घटना के समय माता-पिता अपने बेटे के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे।

WhatsApp Image 2026-02-04 at 12.10.40 PM

80 फीट की ऊंचाई, अस्पताल में घोषित मौत

एसपी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक जिस जगह से बच्चियों ने छलांग लगाई, वहां से जमीन की दूरी करीब 80 फीट थी। रात 2 बजकर 18 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर तीनों बच्चियां गंभीर हालत में नीचे पड़ी मिलीं। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से लोनी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

डायरी में मिला 18 पन्नों का सुसाइड नोट

पुलिस को उस कमरे से एक डायरी मिली है, जिसमें 18 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा हुआ था। नोट में बच्चियों ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। इसमें लिखा था कि वे गेम नहीं छोड़ पा रही हैं और अब माता-पिता को एहसास होगा कि वे उनसे कितना प्यार करते थे। पुलिस इस नोट को अहम सबूत मानकर जांच कर रही है।

कोरियन गेम की लत, स्कूल जाना भी छोड़ दिया

पिता चेतन ने बताया कि तीनों बेटियां पिछले तीन साल से टास्क-बेस्ड कोरियन लव गेम खेल रही थीं। दो साल से उन्होंने स्कूल जाना भी छोड़ दिया था। वे दिनभर मोबाइल पर गेम खेलती रहती थीं और बाहर किसी से बातचीत नहीं करती थीं। अक्सर कहती थीं कि उन्हें कोरिया जाना है।

एक बहन देती थी टास्क, बाकी मानती थीं बात

परिजनों के अनुसार, तीनों बहनें हर समय साथ रहती थीं। एक साथ नहाना, एक साथ टॉयलेट जाना उनकी आदत बन चुकी थी। पिता का कहना है कि बड़ी बहन प्राची बाकी दोनों को गेम से जुड़ा टास्क देती थी और दोनों उसकी हर बात मानती थीं। पुलिस का कहना है कि अभी तक आत्महत्या की पुष्टि हुई है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button